मनोह में स्लेटपोश मकान राख

By: Oct 26th, 2017 12:10 am

भोरंज  —  मनोह में आगजनी से स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया है। इसके चलते दो परिवारों को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। मकान में आग कैसे लगी इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन ने पीडि़त परिवार को पांच-पांच हजार रुपए की राहत राशि प्रदान कर दी है। मिली जानकारी अनुसार कड़ोहता पंचायत के बुल्हा मनोह में रशमा देवी पत्नी मेहर चंद और रिखी राम पुत्र मुंशी राम के दो मंजिला स्लेटपोश मकान में बुधवार दोपहर अचानक आग भड़क गई। घटना के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था। मकान से जैसे ही धुआं निकलना शुरू हुआ, तो लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हर कोई हाथ में पानी की बाल्टी लेकर घटना स्थल पर दौड़ पड़ा, ताकि आगजनी पर काबू पाया जा सके। मकान में उठी आग की लपटें इस कद्र भड़कीं की सब कुछ राख हो गया। लोग चाहकर भी आग पर काबू नहीं कर पाए। इसके चलते पीडि़त परिवार को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी इसकी स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। आगजनी की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत कड़ोहता प्रधान संतोष कुमारी, उपप्रधान वीरेंद्र डोगरा और भोरंज पुलिस थाना प्रभारी मुकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए थे। वहीं क्षेत्र के हलका पटवारी पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि दोनों परिवारों को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दोनों परिवारों को प्रशासन की तरफ से पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App