महिलाएं नहीं, पुरुष करेंगे हार जीत का फैसला

By: Oct 23rd, 2017 12:05 am

नाहन  —  जिला सिरमौर में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता बढ़े उत्सुक हैं। खासकर नए वोटरों में विधानसभा चुनाव को लेकर काफी दिलचस्पी दिखाई दे रही है। जिला सिरमौर में गत पांच वर्षों में 32807 वोटर बढ़े हैं। वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान जिला सिरमौर में 309549 मतदाता थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 342356 हो गई है। जिला सिरमौर में सरकार द्वारा चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जनवरी 2017 से सितंबर माह तक 7031 नए वोटर पंजीकृत हुए हैं। इनमें 3539 वोटरों की आयु 18 से 19 साल है, जबकि 3692 मतदाताओं की उम्र 20 से 29 वर्ष के बीच है। जिला सिरमौर में कुल 342556 मतदाता हैं, जिनमें 180860 पुरुष तथा 161496 महिला मतदाता हैं। पुरुषों की संख्या में जिला सिरमौर में 19334 महिलाएं कम हैं। सबसे अधिक महिला वोटर नाहन विधानसभा क्षेत्र में हैं। नाहन में महिला वोटरों की संख्या 35247 है, जबकि सबसे कम शिलाई निर्वाचन क्षेत्र में 28618 महिला वोटर हैं। यदि वोटरों के लिंगानुपात की बात करें तो लिंगानुपात में नाहन सबसे अधिक 934, पच्छाद 933, रेणुका 914, पांवटा साहिब 884 तथा शिलाई में 800 महिलाएं प्रति हजार पुरुष वोटरों के मुकाबले हैं। यदि पूरे जिला की बात करें तो जिला में वोटरों का लिंगानुपात 893 है। जहां राज्य के कई जिलों में महिलाएं निर्णायक की भूमिका निभाती हैं, वहीं जिला सिरमौर में महिलाओं की लिंगानुपात कम होने के चलते पुरुष ही किंग मेकर की भूमिका में होंगे।

निर्वाचन वार वोटरों की संख्या

विधानसभा                      वोटर संख्या

पच्छाद                               67924

नाहन                                 72969

रेणुकाजी                            63831

पावंटा साहिब                         73231

शिलाई                               64401


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App