यहां सिर्फ चुनाव नहीं, गौरव की भी जंग

By: Oct 28th, 2017 12:40 am

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में इस बार कई चुनाव क्षेत्रों में नेताओं के बीच गौरव की जंग है। भाजपा मोदी की लहर बता रही है तो कांग्रेस विकास के सहारे मैदान में है, पर 11 चुनाव क्षेत्रों में दिग्गजों के लिए यह एक चुनाव नहीं, बल्कि गौरव की जंग है। पालमपुर, सुजानपुर, अर्की, शिमला ग्रामीण, मंडी सदर पर जनता की सबसे ज्यादा नजरें हैं, जबकि ऊना, हरोली, धर्मशाला, नगरोटा, द्रंग, नादौन में भी सर-धड़ की बाजी है।

पालमपुर

पालमपुर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष इंदू गोस्वामी को टिकट दिया गया है। उनके खिलाफ भाजपा के ही बागी उम्मीदवार प्रवीण शर्मा मैदान में हैं। उन्हें मनाने के पूरे प्रयास किए गए, मगर वह नहीं हटे। सांसद शांता कुमार भी इस सीट पर बागी को बिठाने के लिए प्रयास कर चुके हैं, उनका टिकट कैसे कटा व कैसे बदला, इसे लेकर भी वायरल वीडियो में वह समझाते दिखे थे।

अर्की

अर्की सोलन जिला की वह विधानसभा सीट है, जहां से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने अपना पूरा दमखम इस हलके में लगा रखा है। चर्चा यह भी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या फिर अमित शाह की यहां बड़ी रैली हो सकती है। भाजपा ने यहां से रतनपाल सिंह को टिकट दिया है। भाजपा उन्हें किस कद्र चुनौती देगी, यह तो समय ही बताएगा।

सुजानपुर

सुजानपुर में नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल बदले हुए चुनाव क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। यहां से कांग्रेस ने पुराने प्रत्याशी राजेंद्र राणा को टिकट दिया है, जो कभी धूमल के ही सारथी हुआ करते थे। प्रो. धूमल का राजनीतिक कद कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है, मगर राजेंद्र राणा का रसूख व संपर्क भाजपा के लिए दिक्कतें पेश कर सकता है।

शिमला ग्रामीण

शिमला ग्रामीण भी हॉट सीट है। यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य कांग्रेस के टिकट पर उतरे हैं, जबकि भाजपा ने यहां से प्रमोद शर्मा को टिकट दिया है, जो कभी विद्या स्टोक्स के परंपरागत प्रतिद्वंदी हुआ करते थे। यहां भी कांटे की टक्कर देखी जा रही है, क्योंकि पूरी भाजपा प्रचार में दमखम के साथ जुटी है। विक्रमादित्य का यह पहला चुनाव है।

मंडी सदर

मंडी सदर में हाथ का साथ छोड़ कर पंडित सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा कमल के सहारे हैं। पंडित सुखराम और अनिल का यहां अपना बड़ा वोट बैंक माना जाता है। दल बदलने से यह कितना कायम रहा, दूसरे घर में उन्हें कितना अपनाया गया, ये भी नतीजे बताएंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस ने कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर को टिकट दिया है, जो पहले  मंडी जिला परिषद में भी रह चुकी हैं।

नगरोटा बगवां

नगरोटा बगवां में जीएस बाली जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता को कितनी चुनौती मिलेगी, इस पर पूरे प्रदेश की नजरें हैं। यही आलम ऊना के हरोली में उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का भी है, जिन्होंने अपना काफी समय चुनाव क्षेत्र में बिताया और विकास कार्य भी किए।

प्रदेश के दो अध्यक्षों का रिपोर्ट कार्ड

भाजपा-कांग्रेस के दोनों अध्यक्ष सतपाल सत्ती व सुखविंदर सुक्खू चुनाव मैदान में हैं। सुखविंदर सुक्खू नादौन से कितने वोट लेकर आगे बढ़ते हैं, ऊना से सतपाल सिंह सत्ती क्या करिश्मा करेंगे, इस पर सभी की नजरें हैं। नादौन में जहां भाजपा के मौजूदा विधायक विजय अग्निहोत्री टक्कर दे रहे हैं, वहीं ऊना में सत्ती के खिलाफ कांग्रेस के सतपाल रायजादा मैदान में हैं।

धर्मशाला

धर्मशाला में मंत्री सुधीर शर्मा को स्मार्ट सिटी व दूसरी राजधानी के साथ-साथ अन्य प्रोजेक्टों का लोगों ने कितना सिला दिया, पूर्व परिवहन मंत्री  किशन कपूर जिन्हें रोने के बाद पार्टी ने टिकट थमाया, वह गद्दी वोट बैंक के साथ-साथ आम जन में अभी भी कितनी पैठ रखते हैं, यह भी दोनों नेताओं के गौरव से जुड़ा होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App