राज्य सरकार ने पांच साल में महज भ्रष्टाचार बढ़ाया

By: Oct 22nd, 2017 12:01 am

बिलासपुर – केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बिलासपुर में शनिवार को कांग्रेस सरकार और  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बेल पर हैं और सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। बिटिया प्रकरण हो या फिर होशियार सिंह की मौत का मामला, इनसे देश भर में प्रदेश की छवि धूमिल हुई है। सरकार के संरक्षण के चलते वन माफिया, ड्रग माफिया और हर तरह के माफिया सक्रिय हैं। कांग्रेस सरकार की मंशा प्रदेश का विकास करना नहीं, बल्कि अपनी जेबें भरना है। उन्होंने कहा कि पांच साल में सरकार ने विकास के बजाय भ्रष्टाचार को ही बढ़ावा दिया, लेकिन जनता सब कुछ भली भांति जानती है और अब हिसाब चुकता करने का सही समय आ गया है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर कौन होगा, इसका निर्णय लेने का अधिकार सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को है। श्री नड्डा ने स्पष्ट किया कि उनका तात्पर्य भाजपा सरकार से था, जो अगले 10-15 साल तक प्रदेश का विकास करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App