राहुल दिवाली के बाद बनेंगे अध्यक्ष

By: Oct 17th, 2017 12:04 am

कार्यसमिति की बैठक बुलाकर अंतिम स्वरूप देंगी सोनिया गांधी

नई दिल्ली— कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम जल्द घोषित कर दिया जाएगा। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाकर कार्यक्रम को अंतिम स्वरूप देंगी। कांग्रेस चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण का कहना है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्त्रिया 30 अक्तूबर तक पूरी हो जाएगी। पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अध्यक्ष पद के चुनाव का संभावित कार्यक्रम सौंप दिया है। वह चाहते हैं कि 30 अक्तूबर तक चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए। हालांकि, उन्होंने कहा कि सीडब्लूसी इस कार्यक्रम में बदलाव कर सकती है। कांग्रेस संविधान के मुताबिक, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन के लिए सात दिन का वक्त दिया जाएगा। इसके बाद एक दिन नाम वापसी के लिए दिया जाएगा। चुनाव प्राधिकरण के एक सदस्य ने कहा कि यदि अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक नामांकन दाखिल किया जाता है, तो भी निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा नाम वापस लेने का वक्त खत्म होने के बाद ही की जाएगी। पार्टी की अधिकतर प्रदेश कांग्रेस कमेटियों ने प्रदेश अध्यक्ष, कार्यकारणी और एआईसीसी के सदस्यों के चयन का अधिकार पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया है। चुनाव प्राधिकरण के एक सदस्य ने कहा कि केरल को छोड़कर सभी प्रदेशों ने प्रस्ताव भेज दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) के सदस्यों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। एक-दो दिन में पीसीसी सदस्यों के नाम पर भी सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। अध्यक्ष पद के चुनाव में पीसीसी सदस्य ही मतदाता मंडल में शामिल होते हैं। उधर कांग्रेस ने सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एम वीरप्पा मोइली को कर्नाटक कांग्रेस घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष और बीएल शंकर को उपाध्यक्ष बनाया है। इस समिति के गठन को पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंजूरी दे दी है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा समेत 33 सदस्य होंगे। कनार्टक में 2018 के मध्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य की 224 सदस्यीय मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 28 मई, 2018 में समाप्त हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App