शांडिल बोले, झूठे प्रचार में भाजपा अव्वल

By: Oct 26th, 2017 12:10 am

सोलन —  सोलन के कांगे्रसी विधायक व मंत्री डा. धनी राम शांडिल ने भाजपा के प्रत्याशी अपने दामाद के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई को धर्मयुद्ध करार दिया है। सोलन निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने उन्हीं के दामाद डा. राजेश कश्यप को चुनावी अखाडे़ में उतार कर नई बहस छेड़ दी है। डा. धनी राम शांडिल सोलन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने भाजपा नेताओं के वक्तव्यों का सिलसिलेवार जवाब देकर दामाद के खिलाफ चुनाव लड़ने की अपनी स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी हैं तथा यह महाभारत की तरह धर्मयुद्ध है। वह व उनके कार्यकर्ताओं की फौज पूरे लाव लश्कर के साथ भाजपा के खिलाफ युद्ध के मैदान में उतर गई है। डा. शांडिल ने कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि उन्होंने अपने दामाद का राजतिलक कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने जुमलों के प्राति जानी जाती है। भाजपा ने तो अपने वरिष्ठतम नेता लाल कृष्ण अड़वाणी का भी राजतिलक नहीं होने दिया तथा उन्हें भी अपने मतलब के लिए प्रयोग किया। डा. शांडिल ने कहा कि उन्होंने अपने दामाद को चुनाव लड़ने से मना किया था क्योंकि बहुत अच्छे पद पर सेवाएं दे रहे थे। भाजपा ने परिवार को ही आमने-सामने ला दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दम पर वह सोलन निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस को विजयी बनाएंगे। सोलन-शामती बाइपास, सचिवालय का निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, सब्जी मंडी इत्यादि अनेक ऐसे विकास कार्य हैं जिन्हें जनता बखूबी समझती है। उनके पद पर रहते सोलन के प्रत्येक विभाग में पूरी पारदर्शिता से कार्य होता रहा। डॉ. शांडिल ने कहा कि भाजपा दो स्ट्रीट लाइटें भी लगाकर इतना ढिंढोरा पीट देती है कि ऐसा लगता है कि पता नहीं कितना विकास हो गया। जबकि उन्होंने सोलन में वन वृत सर्किल व आईपीएच सर्किल खुलवाकर यहां की जनता को एक नया तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की आपसी गुटबाजी ही उन्हें ले डूबेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांगे्रसी नेता राहुल सिंह ठाकुर, रमेश ठाकुर, सरेंद्र सेठी, अरविंद गुप्ता, अरुण शर्मा, बलदेव ठाकुर, सुंदर सिंह जायसवाल, मुकेश शर्मा, अमन सेठी, रोहित शर्मा इत्यादि कई लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App