संघ नेता की हत्या पर भड़की भाजपा

By: Oct 18th, 2017 12:08 am

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री सांपला ने पंजाब कांग्रेस पर लगाए आरोप, सीबीआई से जांच करवाने की मांग

जालंधर —  केंदीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री विजय सांपला ने कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने की किसी गहरी साजिश के तहत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। श्री सांपला ने लुधियाना में मंगलवार को सुबह हुई आरएसएस कार्यकर्ता रविंद्र गोसाईं की हत्या पर गहरा अफसोस प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के छह महीनों के शासन में कानून व्यवस्था बहुत बिगड़ गई है। राज्य में जबसे कांग्रेस सत्ता में आई है, तब से ही कानून व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आरएसएस के प्रांतीय संघ चालक ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अतिरिक्त निरंकारी समुदाय की माता चंद कौर और पादरी सुल्तान मसीह की भी इसी प्रकार हत्या की गयी थी लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी हत्यारे को पकड़ने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि इन हत्याओं की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से करवाई जाए। श्री सांपला ने गुरदासपुर के लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की हुई भारी पराजय के संबंध में मतदान के दौरान राजनैतिक तथा पुलिस दवाब की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस ने पुलिस दवाब का प्रयोग किया है, जिसने गांवों के सरपंचों तथा लोगों पर कांग्रेस के हक में वोट डालने के लिए दवाब बनाया था। आगामी नगर निगम चुनावों के संबंध में पूछने पर श्री सांपला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऐसा कोई विकास कार्य नहीं किया है जिसके आधार पर वह चुनाव जीत सके। कांग्रेस केवल सत्ता का प्रयोग कर निगम निगमों पर कब्जा करना चाहती है। भाजपा के पूर्व विधायक मनोरंजन कालिया तथा भाजपा प्रवक्ता रजत महेन्द्रु ने भी रविंदर गोसाई की हत्या की निंदा करते हुए अफसोस प्रकट किया है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने लुधियाना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)नेता रविन्द्र गोसाईं की दिन दिहाड़े हुई हत्या की केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई)से जांच की मांग की है। पार्टी के उप प्रधान अमन अरोड़़ा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है और इसके लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। श्री गोसाईं से पहले आरएसएस के प्रांतीय प्रधान जगदीश गगनेजा की भी हत्या की गई थी। अब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका। अपराधी तत्वों के हौंसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राजनीतिक हत्याओं का सुराग ढूंढने में नाकाम सिद्ध हुई है। पिछली अकाली सरकार के समय भी यही हालात थे। गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है। राज्य में सरकार बदली है लेकिन कानून-व्यवस्था की हालत नहीं बदली। यदि कैप्टन सिंह यह जिम्मेदारी नहीं संभाल सकते तो किसी अन्य समर्थ और संवेदनशील मंत्री को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए। श्री अरोड़ा ने कहा कि पादरी सुलतान ईसा मसीह, नामधारी सम्प्रदाय की प्रमुख माता चंद कौर समेत दर्जनों से अधिक हत्याएं हो चुकी है लेकिन उनके हत्यारे पकड़े नहीं जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App