सतपाल सत्ती ने दिखाई ताकत… नामांकन भरा

By: Oct 22nd, 2017 12:05 am

ऊना —  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सदर ऊना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सतपाल सिंह सत्ती ने शनिवार को ऊना में सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती मैहतपुर से ऊना मुख्यालय तक ओपन जीप में अपने समर्थकों के साथ रैली के रूप में पहुंचे। सैकड़ों बाइकों के काफिलें ने रैली की अगवाई की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मैहतपुर, देहला, बहडाला, जलग्रा, रक्कड़ व ऊना में उनका जोरदार स्वागत किया। रैली में कार्यकर्ताओं ने कहो दिल से, ऊना से सतपाल सत्ती फिर से के नारे भी लगाए। इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर, हिमफेड की पूर्व अध्यक्ष संतोष सैणी, जिला भाजपाध्यक्ष बलबीर बगगा, ऊना मंडल भाजपाध्यक्ष रमेश भड़ौलिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। सतपाल सत्ती ने कहा कि महंगाई व भ्रष्टाचार को जनता पर थोपने वाली वीरभद्र सरकार के मुंह पर तमाचा लगाने के लिए जरूरी है कि जनता का हर वोट भाजपा के पक्ष में पड़े। उन्होंने कहा कि ऊना की जनता की मैंने 15 वर्षों तक ईमानदारी व कर्मठता से सेवा की है और अब पांच वर्ष के बाद विकास के नाम जनता के दरबार में आया हूं। उन्होंने कहा कि आज पांच साल कांग्रेस शासन रहने के बावजूद कांग्रेस के कुछ नेता मुझ से विकास का हिसाब मांग रहे हैं। सतपाल सत्ती ने चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मैदान में आकर विकास पर बहस करें। लालसिंगी से सनोली-मजारा तक सभी 97 बूथों में पूर्व धूमल सरकार व मोदी सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा रखेंगे। ऊना विस क्षेत्र में धूमल सरकार में 600 करोड़ रुपए के विकास करवाए। वहीं अब मोदी सरकार ने मलाहत गांव में 320 करोड़ रुपए के पीजीआई सेटेलाइट सेंटर, क्षेत्रीय अस्पताल में 20 करोड़ रुपए से मदर-चाइल्ड केयर यूनिट, पेखूवेला में 500 करोड़ रुपए का इंडियन ऑयल कारपोरेशन का टर्मिनल, ऊना रेलवे स्टेशन में सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेन शुरू करने, प्रदेश के लिए 61 नेशनल हाई-वे स्वीकृत किए है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कि भाजपा के शासन काल में किसी भी कर्मचारी को कांग्रेस शासन की तरह राजनीतिक आधार पर प्रताडि़त नहीं किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य हरिओम भनोट, महामंत्री अंबिका दत्त, तिलकराज सैणी, जिप सदस्य पंकज सहोड़, अनुराधा ऐरी, यशपाल राणा, युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल देव शर्मा, अजय चौधरी, राजन सहोड़, पंडित हरीश, शिव कुमार, अशोक धीमान, अश्वनी कुमार, सतीश वनगढ़, मंजु चंदेल, ओम प्रकाश, सागरदत्त भारद्वाज, अमृतलाल भारद्वाज, हरपाल सिंह, रंजना, डा. रामपाल सैणी, उर्मिला चौधरी, हरीश चंद्र, सुरजीत सैणी, सुमित शर्मा, विनय शर्मा, राजकुमार पठानिया, बलविंद्र गोल्डी, खामोश जैतक, गगन ओहरी, नीरज जैतिक, प्रवीण पुरी, निर्मल दास शंकर, राकेश ठाकुर सहित अन्य भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App