सीजन का पहला हिमपात

By: Oct 24th, 2017 12:10 am

रोहतांग में दो इंच… केलांग में हल्की  बर्फबारी

शिमला— केलांग की पहाडि़यों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी रिकार्ड की गई है। केलांग के निचले क्षेत्रों सहित भरमौर में बूंदाबांदी होने से प्रदेश में सुबह-शाम ठंड होने लगी है। मौसम में आई करवट से राज्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। तापमान में आई गिरावट से राज्य के केलांग, कल्पा व भुंतर में सुबह-शाम ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य भर में 29 अक्तूबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा, मगर इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी व बारिश के चलते ठंड शुरू हो गई है। केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर एक डिग्री तक पहुंच गया है। कल्पा का न्यूनतम पारा भी गिरकर तीन डिग्री तक पहुंच गया है। सोमवार को ऊना के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आई है। कल्पा में दो डिग्री और शिमला, सुंदरनगर, सोलन में एक डिग्री तक तापमान लुढ़का है। मौसम विभाग ने रविवार को पूर्वानुमान लगाया था कि प्रदेश में एक-दो जगह गर्जन के साथ बारिश होगी। सोमवार को भरमौर में बूंदाबांदी हुई है, जबकि केलांग-रोहतांग की चोटियों में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 29 तक मौसम शुष्क रहेगा। बहरहाल, प्रदेश में सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

कल्पा का पारा 16.6 डिग्री

शिमला में अधिकतम तापमान 21.4, सुंदरनगर में 30.4, भुंतर में 28.2, कल्पा में 16.6, धर्मशाला में 26.2, ऊना में 33.4, नाहन में 27.3, सोलन में 26 और कांगड़ा में 30.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मौसम शुष्क रहने के बावजूद प्रदेश के तापमान में बदलाव होता रहेगा।

जमने लगा पानी, कुल्लू-मनाली में ठंड

मनाली— रोहतांग दर्रे के साथ लाहुल की ऊंची पहाडि़यों में हल्का हिमपात हुआ है। अचानक कुछ देर मौसम खराब होने से रोहतांग सहित मनालसू, जोत, मकरवेद और शिकरवेद, सेवन सिस्टर पीक, लद्दाखी पीक, मागण कोट, आदि चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। बर्फबारी से घाटी के तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई है। लाहुल में भी सोमवार सुबह से अचानक मौसम खराब हुआ और रोहतांग दर्रे में दो इंच हिमपात दर्ज किया गया है। रोहतांग की शीत लहरों से कुल्लू-मनाली में भी ठंड बढ़ गई है। लोग सुबह-शाम तंदूर जला रहे हैं। ठंड बढ़ने से रोहतांग में पानी जाम होना भी शुरू हो गया है। दो इंच बर्फबारी होने से रोहतांग मार्ग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है, वाहन सेवा जारी है। तापमान में गिरावट आने से लाहुल के साथ-साथ कुल्लू-मनाली के लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App