सोनिया-राहुल समेत 40 स्टार करेंगे प्रचार

By: Oct 24th, 2017 12:07 am

कांग्रेस ने जारी की दिग्गज हस्तियों की फाइनल लिस्ट, वीरभद्र सिंह के साथ बाली, कौल सिंह को भी सौंपी जिम्मेदारी

शिमला— नामांकन दाखिल करने के अंतिम रोज कांग्रेस ने भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।  भाजपा के भी 40 ही स्टार प्रचारक हिमाचल आएंगे। कांग्रेस द्वारा जारी की गई सूची में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी व पूर्व प्रधान मंत्री डा. मनमोहन सिंह बड़े नामों में शुमार है। खास बात यह भी कि हिमाचल के स्टार प्रचारकों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ इस बार परिवहन मंत्री जीएस बाली और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर के  नाम भी शामिल किए गए हैं।  विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल करने का सोमवार अंतिम दिन था।  अक्तूबर 26 तक उम्मीदवारों को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। प्रदेश में दोनों ही दलों के स्टार प्रचारक 27 अक्तूबर से  अपने-अपने दलों के पक्ष में प्रचार के लिए उतरेंगे। तभी प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में असल चुनावी रंगत व नेताओं-वर्करों का कोलाहल सुनने को मिलेगा। इस बार चुनाव काफी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि गुजरात के साथ-साथ हिमाचल के नतीजे भी घोषित होने हैं। यह दीगर है कि अभी तक भी केंद्रीय चुनाव आयोग गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं कर सका है। हिमाचल में स्टार प्रचारक भी लोगों को राय बनाने में मदद करते हैं। दोनों दलों के बीच इस बार भी कांटे की टक्कर दिख रही है। दोनों ही पार्टियां रणनीति भी वेट एंड वॉच प्रक्रिया के तहत तैयार कर रही हैं। भाजपा ने रविवार को स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। कांग्रेस ने सोमवार को की है। प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी ऐसे ही हुआ।  बहरहाल, कांग्रेस में कई ऐसे स्टार प्रचारक हैं, जिन्हें क्राउड पुलर माना जाता है। दल विशेष पर कटाक्ष करने के लिए इन्हें काफी प्रभावी माना जाता है। इनमें नवजोत सिंह सिद्धू, राज बब्बर, सचिन पायलट, ज्योति रादित्य सिंधिया, हरीष रावत, भूपिंद्र सिंह हुड्डा, शिला दीक्षित उल्लेखनीय हैं।

सिद्धू-राज बब्बर बनाएंगे चुनावी माहौल

सोनिया गांधी, राहुल गांधी, डा. मनमोहन सिंह, सुशील कुमार शिंदे, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा, कैप्टन अमरेंद्र सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, शीला दीक्षित, भूपिंद्र सिंह हुड्डा, हरीश रावत, कुमारी सेल्जा, भंवर जितेंद्र सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, ननदीप एस सुरजेवाला, राज बब्बर, रजनीत रंजन, प्रमोद तिवारी, प्रताप सिंह बाजवा, सुनील जाखर, मनीश तिवारी, नवजोत सिंह सिद्ध, अमरिंद्र सिंह, विजय इंद्र सिंघला, गौरव गगोई, सुष्मिता देव, गुलाम अहमद मीर, अशोक तंवर, जीएस बाली, कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप शर्मा, प्रीतम सिंह, चरणजीत सिंह, मनजीत सिंह बादल, मदन लाल शर्मा, जयवीर शेरगिल, कैलाशो सैनीआदि कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App