सौरमंडल में है नौवां ग्रह

By: Oct 17th, 2017 12:03 am

नासा ने माना, सुपर अर्थ ग्रह हो सकता प्लैनेट नाइन

वाशिंगटन – नासा के वैज्ञानिकों ने कहा है कि प्लैनेट नाइन की अवधारणा वास्तविक है और संभव है कि वह पृथ्वी के द्रव्यमान से दस गुना ज्यादा और वरुण (नेपच्यून) की तुलना में सूर्य से 20 गुना ज्यादा दूर हो। प्लैनेट नाइन या सौर मंडल का नौवां ग्रह सुपर अर्थ ग्रह हो सकता है, जिसके बारे में वैज्ञानिक बातें करते रहे हैं और जिसका वजन (द्रव्यमान) पृथ्वी से ज्यादा है, लेकिन यूरेनस और नेपच्यून से काफी कम है। अमरीका के कैलिफोर्निया इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलेटेक) में प्लैनेटरी एस्ट्रोफिजिसिस्ट कंस्तनचीन बैटीगिन ने कहा कि प्लैनेट नाइन के अस्तित्व का संकेत देने वाले अब पांच अलग-अलग व्याख्यात्मक प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप इस व्याख्या को हटाते हैं और प्लैनेट नाइन के न होने की कल्पना करते हैं तो आप हल करने से ज्यादा समस्याओं को जन्म देंगे। वैज्ञानिकों ने इससे पहले भी कहा था कि सौर मंडल के बाहरी भाग काइपर घेरे से भी आगे एक संभावित ग्रह है। अब एक और व्याख्या के जरिए वैज्ञानिकों ने इसके अस्तित्व से इनकार नहीं किया है। बैटीगिन ने बताया कि एकाएक आपके पास पांच अलग-अलग पहेलियां हैं और उन्हें स्पष्ट करने के लिए आपको पांच अलग -अलग सिद्धांत पेश करने होंगे। बता दें कि कभी प्लूटो सौर मंडल का नौवां ग्रह हुआ करता था, लेकिन साल 2006 में ग्रह की परिभाषा बदल जाने के बाद इंरनेशनल एस्ट्रोनॉमी यूनियन ने इसे ग्रहों की श्रेणी से बाहर कर दिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App