स्टार प्रचारकों के चयन में दिक्कत

By: Oct 22nd, 2017 12:01 am

हिमाचल पर गुजरात हावी, दोनों दलों के केंद्रीय नेताओं का वहीं ज्यादा रुझान

शिमला  – गुजरात व हिमाचल विधानसभा चुनाव साथ-साथ होने के कारण दोनों ही बड़े दलों को स्टार प्रचारकों के चयन में दिक्कतें आ रही हैं। भाजपा गुजरात में खूब पसीना बहा रही है। कांग्रेस भी इस बार 22 वर्षों का भगवा दुर्ग ढहाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। यही वजह है कि हिमाचल में दोनों दलों के नेतृत्व की सिफारिशों के बावजूद अभी तक प्रचारकों की सूची फाइनल नहीं हो सकी है। हालांकि गुजरात विधानसभा चुनावों का ऐलान केंद्रीय चुनाव आयोग नहीं कर सका है। मतगणना की ही घोषणा हो सकी है, मगर दोनों दलों के केंद्रीय नेतृत्व का ज्यादा रुझान गुजरात की तरफ है। कांग्रेस ने हिमाचल में स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी व सोनिया गांधी के साथ-साथ ऊना व कई अन्य क्षेत्रों में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी प्रचार में उतारने का आग्रह किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह तो आएंगे ही। इसी कड़ी में कई फिल्मी हस्तियों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है, मगर सूची फाइनल नहीं हो पा रही है। कमोबेश भाजपा में भी यही आलम व्याप्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में तीन बड़ी रैलियां करवाने की तैयारी है। इनमें मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चार से छह रैलियां कर सकते हैं। उनका अलग से रोड शो भी तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को प्रचार में उतारने की तैयारी चल रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक फिल्मी हस्तियों की फेहरिस्त में से अनुपम खेर व कुछ  अन्य सुपर स्टार्स को भी बुलाया जा सकता है, मगर गुजरात चुनाव हिमाचल पर प्रचार की दृष्टि से हावी होता दिख रहा है।

मंडी में सलमान खान पर नजर

मंडी जिला किसी भी दल की हार-जीत के लिए महत्त्वपूर्ण रोल निभाता है। जब से पंडित सुखराम का पूरा परिवार भाजपा में शामिल हुआ है। उनके पुत्र अनिल शर्मा मंडी सदर से भाजपा के टिकट पर उतरे हैं, तभी से भाजपा यह प्रयास कर रही है कि यहां चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में सिने स्टार सलमान खान को प्रचार में उतारा जाए। बताया जा रहा है कि सुखराम का परिवार भी इसके लिए संपर्क कर चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App