स्टोक्स की तबीयत बिगड़ी

By: Oct 22nd, 2017 12:01 am

कांग्रेस नेत्री चंडीगढ़ फोर्टिस अस्पताल में उपचाराधीन

शिमला – आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें फोर्टिस अस्पताल चंडीगढ़ में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि सुबह उनके फेफड़ों में कुछ  समस्या उत्पन्न हुई, जिसके बाद उन्हें सीधे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। यहां पर पहले भी उनका इलाज हो चुका है।  विद्या स्टोक्स 90 साल की हैं और न-नुकर करने के बाद फिर से ठियोग से चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं। शनिवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। फिलहाल उनकी हालत ठीक है। उम्मीद की जा रही है कि वह रविवार तक अस्पताल से लौट आएंगी, क्योंकि यहां उनके द्वारा अभी नामांकन पत्र भी भरा जाना है। उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, परंतु अभी नामांकन दाखिल नहीं हो सका है। नामांकन भरने की आखिरी तारीख सोमवार तक ही है। ऐसे में उनका यहां होना भी जरूरी है। फिलहाल उनके समर्थक उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं। दो दिन पूर्व ही वह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिली थीं। पहले ठियोग से वीरभद्र सिंह चुनाव लड़ने के लिए तैयार थे, लेकिन बाद में राजनीतिक कारणों के चलते वह अर्की चले गए। इस पर स्टोक्स जो कि पहले चुनाव से इनकार कर चुकी थीं, दोबारा से चुनाव लड़ने को तैयार हो गई हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने फोन पर स्टोक्स से उनके स्वास्थ्य के बारे में जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कई दूसरे नेताओं ने भी स्टोक्स से बातचीत की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App