हिमाचल में कोई मोदी फैक्टर नहीं

By: Oct 13th, 2017 12:08 am

शिमला – मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि हिमाचल में मोदी फैक्टर नहीं चलेगा। यहां विकास के बूते पर ही चुनाव लड़ा जाएगा और कांग्रेस मिशन रिपीट में सफल होगी। गुरुवार को सचिवालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि गत पौने पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने हर क्षेत्र में समान विकास किया है और यही विकास जीत की राह सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छह माह पहले से ही चुनावी मोड पर आ चुकी थी। लिहाजा पार्टी व सरकार को कोई दिक्कत नहीं है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से चुनाव लड़ने के ऑफर मिले हैं। गुरुवार को ही अर्की व ठियोग के प्रतिनिधिमंडलों ने उन्हें चुनाव लड़ने का निमंत्रण दिया है, मगर पार्टी हाइकमान जहां से कहेगी वहीं से वह चुनाव में उतरेंगे। विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।  चुनावों में मोदी फैक्टर के सहारे आगे बढ़ रही भाजपा का भ्रम टूटेगा और कांग्रेस नया इतिहास रचेगी।

ज्यादातर प्रत्याशी तय

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस के ज्यादातर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। जो थोड़े-बहुत बचे हैं, उन पर जल्द निर्णय ले लिया जाएगा।

एक-दो दिन में हो जाएगा चुनाव क्षेत्र का फैसला

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक-दो रोज में पार्टी हाईकमान से बातचीत के बाद फैसला लेंगे कि उन्होंने चुनाव कहां से लड़ना है।

कहा, चुनाव घोषणा पत्र का ड्राफ्ट भी तैयार

एक अन्य सवाल पर सीएम ने कहा कि कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र का ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। अब इसे अंतिम रूप जल्द दे दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी वही वादे करेगी, जो निभाए जाएंगे। जैसे गत पांच वर्षों में पार्टी ने घोषणा पत्र को नीतिगत दस्तावेज के तौर पर लागू कर वादे पूरे किए।

पैरामिलिट्री फोर्स के पीछे भाजपा की चाल तो नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल शांत पहाड़ी राज्य है। यहां अन्य राज्यों की तरह चुनावी हिंसा नहीं होती है, मगर जिस तरह से भाजपा पैरामिलिट्री फोर्स की बात कर रही है, उससे इस बात का अंदेशा होता है कि कहीं भाजपा ही कोई प्रतिकूल परिस्थितियां तो तैयार नहीं करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App