कुटलैहड़ में लावारिस पशु बने सिरदर्द

By: Nov 22nd, 2017 12:05 am

थानाकलां — कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आवारा पशुओं के झुंड आम देखे जा सकते हैं। क्षेत्र के डेढ़ से दो दर्जन स्थानों पर आवारा पशु सड़क के किनारे झुंड बनाकर बैठे रहते हैं। आवारा पशु जहां किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं। वहीं सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। आवारा पशुओं के आतंक से परेशान कई किसान खेतों में फसल बीजना तक छोड़ चुके हैं। क्षेत्र के डूमखर, थानाकलां, अघलौर, बौल सहित अन्य स्थानों पर आवारा पशुओं के झुंडों के झुंड देखे जा सकते हैं। क्षेत्र के लोगों राजीव कुमार, संजीव कुमार, सीता राम, सुनीता देवी, कमलेश कुमारी, हेमराज, सुखदेव सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, सत्या देवी, जनक राज, सुनील कुमार, कुशल कुमार, राज कुमार, दविंद्र कुमार सहित अन्य ने कहा कि आवारा पशु उनकी फसलों को तहस-नहस कर रहे है। उन्होंने कहा कि एक तो बंदर उनकी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब आवारा पशु भी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि फसल की बिजाई सहित खाद आदि पर हजारों रुपए खर्च करने के बाद भी किसानों के हाथ कुछ नहीं लग रहा है। सोमवार को भी आवारा सांड ने एक दुकान में घुस दुकानदार पर हमला बोल दिया। उक्त हमले में दुकानदार गंगा राम निवासी तमलेट गंभीर जख्मी हो गया। अन्य दुकानदारों की मद्द से उसे छुड़ाया गया। उधर, बल्ह पंचायत निवासी नितिन भी बाइक पर अपने घर जा रहा था तो एक आवारा सांड ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे नितिन गंभीर जख्मी हो गया। वहीं उसकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा दर्जनों दोपहिया वाहन चालक आवारा पशुओं की चपेट में आने से हड्डि़यां तुड़वा चुके हैं। लोगों में रोष है कि न्यायालय ने आदेश दिए थे कि ग्राम पंचायत स्तर पर पशुशालाएं खोली जाएं, लेकिन अभी तक कई पंचायतों में उक्त पशुशालाएं नहीं खोली गई हैं। इसके चलते उक्त आवारा पशु अभी भी सड़कों पर मंडरा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App