जोश के आगे… कंपकंपी बेअसर

By: Nov 19th, 2017 12:07 am

 ऊना — जिला के इंदिरा मैदान में चल रही आर्मी की भर्ती के दूसरे चरण में शनिवार को मंडी व कुल्लू जिला के युवकों ने सेना में भर्ती होने के लिए खूब पसीना बहाया। दो जिलों से आए युवकों ने सेना में भर्ती  होने के लिए 4300 के करीब युवाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया था। जबकि मौके पर 3300 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में अपना दमखम दिखाया। रात दो बजे से ही कड़कती ठंड में दोनों जिलों से आए युवा लाइन में लग गए थे। देश सेवा के जज्बे के आगे ठंड भी युवाओं के कदम नहीं रोक पाई और युवाओं ने पूरे जोश के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। बाहरी जिलों से आए युवाओं ने शुक्रवार आधी रात अलाव के सहारे गुजारी। वहीं कुछेक युवा किराए के कमरों में रुके और रिपोर्टिंग समय से पहले ही भर्ती स्थल पर पहुंच गए। भर्ती निदेशक एवं वशिष्ट सेवा मैडल से सम्मानित कर्नल संजय चावला ने बताया कि 1.6 किलोमीटर दौड़ पूरी करने के लिए 5.43 मिनट का समय रखा गया है। इसमें से करीब 450 युवा ही तय समय में दौड़ क्लीयर कर पाए। युवाओं के शैक्षणिक योग्यता व अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गई। दौड़ करने वाले युवाओं के अन्य फिजिकल फिटनेस टेस्ट लिए जा रहे हैं। इसमें जो युवक पांच मिनट में दौड़ पूरी करता है उसे ग्रुप-वन में रखा जाता है। जबकि जो युवक 5.43 मिनट में दौड़ मकम्मल करता है उसे ग्रुप नंबर दो में रखा जाता है। दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को ज्यादा नंबर मिलते हैं। आर्मी में सोल्जर जनरल ड्यूटी व सोल्जर क्लर्क, स्टोर कीपर के पदों को भरा जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App