दिल्ली में धुंध, हिमाचल लेट पहुंचीं ट्रेन

By: Nov 12th, 2017 12:19 am

ऊना— देश की राजधानी दिल्ली में पड़ रहे कोहरे व धुंध ने एक बार फिर हिमाचल आने वाली रेलगाडि़यों के पहिए रोक दिए हैं। दिल्ली से ऊना चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस साढ़े 17 घंटे लेट पहुंची, जबकि हिमाचल एक्सप्रेस गाड़ी निर्धारित समय से साढ़े नौ घंटे देरी से ऊना पहुंची है। इन ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली-ऊना जनशताब्दी का दिल्ली से चलने का समय करीब दोपहर तीन बजे है और ऊना रेलवे स्टेशन पर इस गाड़ी के पहुंचने का समय रात करीब दस बजे है, लेकिन कोहरे व धुंध के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस शुक्रवार रात को ऊना पहुंच ही नहीं पाई। जनशताब्दी शनिवार दोपहर तीन बजकर दस मिनट पर ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची, जो कि निर्धारित समय से करीब साढ़े 17 घंटे लेट बताई जा रही है। हिमाचल एक्सप्रेस गाड़ी का ऊना पहुंचने का समय सुबह करीब आठ बजे है। यह गाड़ी भी शनिवार को सायं साढे़ पांच बजे ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची, जो कि निर्धारित समय से साढे़ नौ घंटे लेट है। ट्रेनों की पहुंचने में देरी के चलते यात्रियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्तों में कई जगह ट्रेन बार-बार रुक रही है। ट्रेनों में देरी के चलते अब लोगों ने बस यात्रा ही बेहतर समझी है। ऊना रेलवे स्टेशन के मास्टर रोहित झा ने बताया कि कोहरे व धुंध के कारण ऊना आने वाली गाडि़यों में देरी हो रही है। ऊना रेलवे स्टेशन से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की समयसारिणी बदली  गई है। अंब से रात करीब आठ बजे चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस रात दो बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई, जबकि ऊना रेलवे स्टेशन से सुबह पांच बजे चलने वाली जनशताब्दी एक्सपे्रस रविवार को साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए चलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App