पहाड़ों से ज्यादा ठंडे हुए मैदान

By: Nov 24th, 2017 12:02 am

ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा का न्यूनतम पारा शिमला से कम

शिमला— हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम में आई करवट से मैदानी क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में भी 5.6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है, जिसके चलते राज्य के मैदानी इलाकों में भी सुबह-शाम को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य भर में 29 नवंबर तक मौसम साफ बने रहने का पूर्वानुमान लगाया है। दिसंबर माह के पहले सप्ताह के दौरान मौसम में फिर से करवट आने की उम्मीदें जताई जा रही हैं, जो राज्य में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ा सकता है। प्रदेश के मैदानी इलाके ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और बिलासपुर शिमला से अधिक ठंड हो गए हैं। गुरुवार को प्रदेश के इन जिलों का न्यूनतम तापमान शिमला में कम आंका गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सिसय रिकार्ड किया गया, जबकि हमीरपुर में 5.8, कांगड़ा, बिलासपुर में 6.1 और प्रदेश के सबसे गर्म जिला ऊना में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जिलों के न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री तक की गिरावट आई है। वहीं अधिकतम तापमान भी उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। गुरुवार को प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन व ऊना में तापमान लुढ़का है। बिलासपुर व हमीरपुर के अधिकतम तापमान में  दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड दर्ज की गई है।  शिमला, सुंदरनगर, धर्मशाला, भुंतर व कल्पा के अधिकतम तापमान में उछाल आंका गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.9, सुंदरनगर में 21.5, भुंतर में 19.0, कल्पा में 10.4, धर्मशाला में 18.2, ऊना में 25.4, नाहन में 20.2, सोलन में 21.2, कांगड़ा में 23.3, चंबा में 20.0, डलहौजी में 11.3, बिलासपुर में 21.8 और हमीरपुर में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 29 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल आएगा। जबकि दिसंबर माह में पहले सप्ताह के दौरान मौसम में फिर से करवट की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App