बड़सर में छह साल की मासूम से रेप

By: Nov 4th, 2017 12:40 am

प्रवासी बच्ची पर झपटा दरिंदा; खुद फरार, मामला दर्ज

बिझड़ी – उपमंडल बड़सर में छह साल की मासूम के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। दुराचार के इस कृत्य से देवभूमि एक बार फिर शर्मसार हुई है। मासूम के साथ हुए इस कृत्य से बड़सर के लोग सहमे हुए हैं। पीडि़त बच्ची के परिवार ने पुलिस थाना बड़सर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मासूम के साथ दुराचार करने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन करेगी। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की है। हालांकि अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पीडि़त बच्ची को मेडिकल के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर भेजा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बड़सर क्षेत्र में प्रवासी परिवार की छह साल की बच्ची से दुराचार किया गया है। प्रवासी परिवार के ही एक व्यक्ति ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। मामले का अरोपी बिहारी मूल का बताया जा रहा है। व्यक्ति बहला फुसलाकर बच्ची को एकांत जगह में ले गया। कुछ देर बाद परिवार वालों ने बच्ची की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। बच्ची के साथ दुराचार करते हुए उसे उसके दस वर्षीय भाई ने देखा। जैसे ही लोग इसे पकड़ने के लिए दौड़े, आरोपी वहां से भागने में कामयाब हो गया। इसके बाद पीडि़त परिवार बच्ची को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंच गया। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया है। डीएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होगा। पीडि़त बच्ची को मेडिकल के लिए जोनल अस्पताल हमीरपुर भेजा गया है।

महिला ने लगाया दुराचार का आरोप

मंडी — पुलिस थाना सरकाघाट के तहत एक महिला ने एक व्यक्ति पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। महिला ने शिकायत में कहा है कि व्यक्ति ने उसके कमरे में आकर बलात्कार किया और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत पर सरकाघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App