भूकंप इंजीनियरिंग में सुरक्षित करियर

By: Nov 15th, 2017 12:10 am

प्राकृतिक आपदाओं में भूकंप वैज्ञानिकों के लिए आरंभ से ही चुनौती बना रहा है। वैज्ञानिक भी भूकंप की आपदा का पूर्वानुमान लगाने में असमर्थ रहे हैं। कोई भी ऐसा यंत्र अभी तक ईजाद नहीं किया गया है, जो भूकंप आने से पहले इस की चेतावनी दे सके…

आपदाओं का मनुष्य के साथ शुरू से ही चोली-दामन का साथ रहा है। जैसे- जैसे मनुष्य ने अपनी सुख- सुविधाओं के लिए प्रकृति को अपने अनुसार ढालने की कोशिश को गति प्रदान की है, वैसे-वैसे प्रकृति और क्रूर हुई है। प्राकृतिक आपदाओं में भूकंप वैज्ञानिकों के लिए आरंभ से ही चुनौती बना रहा है। वैज्ञानिक भी भूकंप की इस आपदा का पूर्वानुमान लगाने में असमर्थ रहे हैं। कोई भी ऐसा यंत्र अभी तक ईजाद नहीं किया गया है, जो भूकंप आने से पहले इस की चेतावनी दे सके। इस आपदा में नुकसान को कम करने के उपाय ही किए जा सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान कम हो। भूकंप इंजीनियरिंग में इन्हीं बातों का अध्ययन किया जाता है।

भूकंप क्या है

सर्वाधिक सामान्य अर्थ में किसी भी भूगर्भीय हलचल का वर्णन करने के लिए भूकंप शब्द का प्रयोग किया जाता है। अकसर भूकंप भूगर्भीय दोषों के कारण आते हैं। भारी मात्रा में गैसों का रिसाव, ज्वालामुखी, भू-स्खलन और नाभिकीय परीक्षण ऐसे मुख्य दोष हैं। पृथ्वी की सतह पर भूकंप अपने आप को भूमि को हिलाकर या विस्थापित कर के प्रकट करता है। जब एक बड़ा भूकंप अधिकेंद्र अपतटीय स्थिति में होता है, तो यह समुद्र के किनारे पर पर्याप्त मात्रा में विस्थापन का कारण बनता है, जो सूनामी का कारण है। भूकंप धरती की सतह में अचानक तीव्र हलचलों के कारण आता है, जो धरती की पर्पटी में ऊर्जा के रिसाव से पैदा होती हैं। भूकंपीय तरंगें धरती के भीतर चट्टानें टूटने से अकस्मात पैदा हुई ऊर्जा की तरंगें होती हैं। भूकंप एक विनाशकारी प्राकृतिक घटना है। भूकंप से होने वाले जोखिम का संबंध मृदा स्थितियों, भू-वैज्ञानिक संरचना और संरचनात्मक गतिविधियों के साथ है, जिनका अध्ययन क्षेत्रीय आधार पर किया जाता है।

भूकंप इंजीनियर की भूमिका

भूकंप वैज्ञानिक और भूकंपों के दुष्प्रभाव से संरक्षण की अपेक्षा करने वाले लोगों के बीच हम भूकंप इंजीनियर को खड़ा पाते हैं, जिसका यह दायित्व है कि वह नए भवनों के निर्माण में इस बात की पुख्ता व्यवस्था करे कि भवनों को भूकंप से नुकसान न हो। उसके काम का संबंध एक तरफ  विश्व के विभिन्न भागों में भूकंपों के आकार और आवृत्ति के अनुमान के संदर्भ में भूकंप वैज्ञानिकों के साथ है, तो दूसरी ओर वास्तुकारों, योजनाकारों और बीमा कंपनियों के साथ है।

इतिहास और विकास

भूकंप विज्ञान अपेक्षाकृत एक नया वैज्ञानिक विषय है। हालांकि लोगों की रुचि सैकड़ों वर्षों से भूकंपों के बारे में जानने की रही है, लेकिन एक अध्ययन विषय के रूप में भूकंप विज्ञान का इतिहास लगभग 100 वर्ष पुराना है। भूकंप तरंगों को नापने वाले उपकरण सिस्मोमीटर के विकास के साथ ही इस विषय का प्रारंभ माना जाता है। बीसवीं सदी के दौरान भूकंप विज्ञान के क्षेत्र का विस्तार हुआ और इसके दायरे में धरती के आंतरिक भाग की जांच को भी शामिल किया गया। भूकंप विज्ञान और भूकंप इंजीनियरिंग के अंतर्गत भूकंपों और धरती के भीतर से होकर गुजरने वाली तरंगों का वैज्ञानिक ढंग से अध्ययन किया जाता है। इस विषय के अंतर्गत समुद्री भूकंपों, ज्वालामुखियों तथा परत संरचनाओं आदि रूपांतरणों का अध्ययन भी शामिल है।

शैक्षणिक योग्यता

भूकंप इंजीनियरिंग संबंधी पाठ्यक्रम भूगोल और भौतिक विज्ञान विषयों से मिलकर बनता है। इस के लिए आरंभिक शैक्षणिक योग्यता में भूगोल और भौतिक विज्ञान की पढ़ाई अनिवार्य है। भूकंप इंजीनियरिंग का प्रोग्राम स्नातकोत्तर स्तर पर करवाया जाता है। मास्टर ऑफ  इंजीनियरिंग और मास्टर ऑफ  टेक्नोलॉजी की डिग्रियों में इसे शामिल किया जाता है। जीएटीई के बाद एमई और एमटेक में दाखिला मिलता है। पीएचडी के लिए जीएटीई और नेट की स्कोरिंग निर्भर करती है।

वेतनमान

सरकारी क्षेत्र में रोजगार मिलने पर एक भूकंप इंजीनियर को सरकारी मानकों के तहत वेतन मिलता है। प्राइवेट सेक्टर में अनुभव और योग्यता के अनुसार कंपनियां अलग-अलग पैकेज पर भूकंप इंजीनियरों को रखती हैं। आमतौर पर एक भूकंप इंजीनियर 30 से 40 हजार तक आरंभिक वेतन लेता है। विदेशों में तो वेतनमान का पैकेज लाखों में होता है।

प्रमुख शिक्षण संस्थान

 आईआईटी रुड़की

 आईआईटी खड़गपुर

 आईआईटी कानपुर

 बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी

 वाडिया इंस्टीच्यूट ऑफ  हिमालयन ज्योग्राफी, देहरादून

 मुंबई यूनिवर्सिटी, मुंबई

 कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र

 अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई

 उस्मानिया यूनिवर्सिटी, हैदराबाद

रोजगार के विकल्प

शोध के क्षेत्र में सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्रों में रोजगार की बेहतर संभावनाएं हैं। सरकारी क्षेत्र में नेशनल जियोफिजिकल रिसर्च इंस्टीच्यूट (एनजीआरआई) हैदराबाद, ऑयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन (ओएनजीसी), वैदर फोरकास्टिंग डिपार्टमेंट, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ  इंडिया(जीएसआई) भूकंप इंजीनियर के पदों के लिए विज्ञापन देते रहते हैं। इसके अलावा विदेशों में भी भूकंप इंजीनियरों के लिए रोजगार के काफी विकल्प हैं।

रिक्टर स्केल

रिक्टर स्केल पैमाने को सन् 1935 में कैलिफोर्निया इंस्टीच्यूट ऑफ  टेक्नोलॉजी में कार्यरत वैज्ञानिक चार्ल्स रिक्टर ने बेनो गुटेनबर्ग के सहयोग से खोजा था। इस स्केल के अंतर्गत प्रति स्केल भूकंप की तीव्रता 10 गुना बढ़ जाती है और भूकंप के दौरान जो ऊर्जा निकलती है, वह प्रति स्केल 32 गुना बढ़ जाती है। इसका सीधा मतलब यह हुआ कि 3 रिक्टर स्केल पर भूकंप की जो तीव्रता थी, वह 4 स्केल पर 3 रिक्टर स्केल का 10 गुना बढ़ जाएगी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 8 रिक्टर पैमाने पर आया भूकंप 60 लाख टन विस्फोटक से निकलने वाली ऊर्जा उत्पन्न कर सकता है। भूकंप को मापने के लिए रिक्टर के अलावा मरकेली स्केल का भी इस्तेमाल किया जाता है। पर इसमें भूकंप को तीव्रता की बजाय ताकत के आधार पर मापते हैं।

सतर्कता ही बचाव है

भूकंप जैसी आपदा के दौरान थोड़ी सतर्कता और हिम्मत से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। भूकंप आने पर तुरंत सुरक्षित खुले मैदान में जाएं। बड़ी इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों से दूर रहें। लिफ्ट की बजाय सीढि़यों का इस्तेमाल करें। भूकंप आने पर खिड़की, अलमारी, पंखे, ऊपर रखे भारी सामान से दूर हट जाएं। कहीं फंस गए हों तो दौड़ें नहीं। इससे भूकंप का ज्यादा असर होगा। भूकंप को रोका नहीं जा सकता, पर नुकसान कम किया जा सकता है।

भूकंप से नुकसान के कारण

भूकंप के कारण होने वाले नुकसान के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। जैसे घरों की खराब बनावट, खराब संरचना, भूमि का प्रकार, जनसंख्या की बसावट आदि। भूकंप से ज्यादा नुकसान इसलिए भी होता है कि लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगते हैं, जबकि भूकंप आने पर भागना नहीं चाहिए। कोशिश यही करनी चाहिए कि खुली जगह में आ जाएं और भूकंप के गुजर जाने का इंतजार करना चाहिए।

विषय बारे समझ होना  अहम

प्रो. सुनील धर

भू-विज्ञान विभाग और इसरो के सहयोगी वैज्ञानिक जीपीजी कालेज धर्मशाला

भूकंप इंजीनियरिंग में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने सुनील धर से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश…

आज के आधुनिक समय में बड़ी-बड़ी इमारतें और भवन तैयार किए जा रहे हैं। लेकिन प्राकृतिक आपदाओं में से सबसे खतरनाक भूकंप से निपटने के लिए कई क्षेत्रों में उचित प्रबंध की कमी खलती है। तो किन्ही देशों में समस्या से निपटने के लिए भूकंपरोधी तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जिससे भूकंप इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का स्कोप लगातार बढ़ रहा है।

करियर के लिहाज से भूकंप इंजीनियरिंग में क्या स्कोप है?

आज के आधुनिक और भीड़भाड़ भरे समाज में भूकंप इंजीयनियरिंग महत्त्वपूर्ण करियर के रूप में उभरा है। भवन निर्माण से लेकर टाउन एंड कंट्री, सिविल इंजीयनियरिंग और डैम-टनल में भी भूकंप इंजीयनियरिंग में करियर का स्कोप है।

इस फील्ड में करियर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?

इसमें उम्मीदवार को कम से कम एमएससी होना अनिवार्य है। इसके बाद स्पेशल कोर्स भी कर सकते हैं।

रोजगार के अवसर किन क्षेत्रों में उपलब्ध हैं?

वैज्ञानिक के रूप में, भूकंप स्टडी संस्थान, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग डिपार्टमेंट, चैक डैम, टनल निर्माण, विभिन्न कंपनियों में, भवन एवं घर निर्माण सहित हर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने का जिम्मा आज भूकंप इंजीनियर के पास ही है।

हिमाचल में इससे संबद्ध अध्ययन कहां होता है?

हिमाचल में ज्योलॉजी विषय में अध्ययन करने वाले कालेजों, विश्वविद्यालय और इंजीयनियरिंग कालेज हैं। स्पेशल रूप से कोर्स करने के लिए अलग संस्थान नहीं है।

कहीं जॉब मिलने पर आरंभिक आय कितनी होती है?

इसमें 40 से 50 हजार रुपए तक आरंभिक आय होती है।

युवाओं के लिए इस फील्ड में क्या चुनौतियां हैं?

युवाओं को चुनौतियां कुछ भी नहीं है, अपने विषय पर आरंभिक समय में समझ बनाने पर आसानी से अध्ययन किया जा सकता है।

कोई नई जानकारी जो आप पाठकों से साझा करना चाहते हो?

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और कांगड़ा-चंबा भूकंप जोन-पांच में आता है। इसमें भवन और घर निर्माण में भूकंपरोधी तकनीक का पूरा इस्तेमाल करना चाहिए।

भूकंप इंजीनियरिंग में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए कोई प्रेरणा संदेश दें?

देश और समाज का भविष्य भूकंप इंजीनियर के हाथों में ही है। महत्त्वपूर्ण विषय में सही तरीके से अध्ययन कर दुनिया को भूकंप से संबद्ध विभिन्न जानकारियों से अवगत करवा सकते हैं।

-नरेन कुमार, धर्मशाला


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App