योल से फरार फौजी का सुराग नहीं

By: Nov 24th, 2017 12:02 am

दोस्तों-रिश्तेदारों से भी जानकारियां जुटा रही पुलिस

धर्मशाला— समीपवर्ती योल छावनी से ड्यूटी के समय लापता हुए जवान का गुरुवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस तथा सेना प्रशासन  जवान की तलाश कर रही है।  पुलिस जवान के लापता होने के पीछे  निजी कारणों की संभावना जताते हुए इस दिशा में भी जांच को आगे बढ़ा रही है। इसमें पुलिस द्वारा जवान के रिश्तेदारों तथा उसके संपर्क में रहने वाले दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। इससे पहले पुलिस तथा सेना ने योल से गायब हुए जवान के हथियार भटिंडा में बरामद कर लिए हैं। जवान के भाई के घर से आर्मी ने हथियार बरामद किए थे। जानकारी के अनुसार योल में नौवीं कौर के सिपाही की तैनाती दो माह पहले ही हुई थी। ड्यूटी पर तैनात  जवान शेर सिंह निवासी सिरसा हरियाणा मंगलवार को दिन में करीब डेढ़ बजे ड्यूटी पर तैनात हुआ था। लेकिन दोपहर बाद करीब तीन बजे वह ड्यूटी से लापता हो गया।   पुलिस चौकी योल में जवान के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई गई। बुधवार शाम को सेना ने पंजाब के भठिंडा में लापता जवान की सर्विस रायफल और 20 राउंड बरामद कर लिए हैं, जबकि जवान मौके पर आर्मी के हाथ नहीं लग पाया है। पहले सेना प्रबंधन ने अपने स्तर पर ही जवान की तलाशी को अभियान चलाया था, लेकिन  कोई सुराग नहीं मिल पाने के कारण सदर थाना धर्मशाला में इसकी सूचना दी गई थी। जिसके बाद धर्मशाला पुलिस द्वारा भी जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसकी तलाश को प्रक्रिया तेज कर दी है। हालांकि अभी तक योल छावनी से लापता हुए जवान की कोई भी जानकारी नहीं मिल पाई है।   अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा डा. शिव कुमार ने बताया कि अभी जवान की कोई भी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस तथा सेना प्रबंधन द्वारा लापता जवान को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें कुछ अन्य बिंदुआें पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App