रिजल्ट से पहले ही विरोधियों का अपनों के खिलाफ मोर्चा

By: Nov 18th, 2017 12:02 am

धर्मशाला— चुनावों के नतीजे आने से पहले कांग्रेस व भाजपा में एक नई होड़ मच गई है। मंडल व ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा चुन-चुन कर चुनावों में खिलाफत करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए उन्हें  पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। ऐसे एक-दो नही, बल्कि प्रदेश भर के अधिकतर विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा है। ब्लाकॅ से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक इन दिनों इस विषय पर खूब हलचल चल रही है। पिछले दिनों दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता जहां एक दूसरे के खिलाफ आग उगल रहे थे, वहीं अब वह अपनी ही पार्टी के दूसरे धड़े या फिर उनका साथ न देने वालों के खिलाफ मोर्चा बंदी कर रहे हैं। राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ इन दिनों अपनी ही पार्टी के लोग मोर्चा खोले हुए हैं। चुनाव नतीजे आने को अभी लंबा वक्त है, ऐसे में राजनीतिक टीस मिटाने और चुनावों में भितरघात करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। हर दिन किसी न किसी मंडल के कार्यकर्ताओं पर गाज गिर रही है। ऐसा एक दो नहीं अधिकतर स्थानों पर चल रहा है, जिससे चुनाव परिणाम आने से पहले ही एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने लगा है। लोगों सरेआम चौराहों एवं बाजारों में खड़े होकर गालियां बक रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी कई तरह से कमेंट और विचार लिख कर पोस्ट किए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App