वाह! हिमाचल के सीने पर एक और तमगा

By: Nov 17th, 2017 12:10 am

शिक्षा, अधोसंरचना व समावेशी विकास में इंडिया टुडे ग्रुप ने आंका सर्वश्रेष्ठ

शिमला— हिमाचल प्रदेश को इंडिया टुडे ग्रुप द्वारा शिक्षा, अधोसंरचना और समावेशी विकास क्षेत्र में बड़े राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में इंडिया टुडे ग्रुप द्वारा आयोजित इंडिया टुडे स्टेट ऑफ दि स्टेटस कानक्लेव-2017 के अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से यह पुरस्कार प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘दि पोलिटिक्स ऑफ डिवेलपमेंटः माई टर्न अराउंड स्टोरी’ विषय पर संबोधन दिया। उन्होंने प्रदेश के गठन से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश विकास का आदर्श राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा डा. वाईएस परमार द्वारा हिमाचल प्रदेश की विकास की सुदृढ़ नींव रखने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने गठन के बाद अपनी विकास यात्रा आरंभ की और आज यह विकास का आदर्श बनकर उभरा है। यह राज्य विकास मानकों में देश के बड़े राज्यों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। प्रदेश के इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और राज्य ने अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य महत्त्व पर बल देते हुए कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में राज्य का सुदृढ़ होना आवश्यक है, यदि हम देश को मजबूत बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम राष्ट्र को सुदृढ़ बनाना चाहते हैं तो हमें राज्यों को मजबूती प्रदान करनी होगी। उन्होंने प्रदेश को सहायता प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुदृढ़ व विकसित राज्य केंद्र सरकार को योगदान दे सकते हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 25 दिसंबर, 2012 को राज्य की बागडोर संभाली है, तब से राज्य के संतुलित एवं समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। गरीब, दलित व कमजोर वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रदेश ने स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अधोसंरचना के संतुलित विकास सहित गरीबों तथा वंचितों के उत्थान में ऐतिहासिक प्रगति हासिल की है। ग्रुप के संपादकीय निदेशक राजचंगप्पा ने मुख्यातिथि तथा अन्यों का स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App