शार्क की नाक पर मार दिया मुक्का

By: Nov 15th, 2017 12:04 am

शार्क के चंगुल में फंसना शायद किसी डरावने सपने जैसा होगा। साथ ही शार्क से बीच समुद्र में लोहा लेने की हिम्मत शायद ही किसी के पास हो लेकिन ब्रिटेन के रहने वाले एक डाक्टर इस मामले में बिलकुल अलग निकले और उन्होंने शार्क की नाक में मुक्का मारकर खुद को बचाया। इस बहादुर शख्स का नाम चार्ली फ्राई है और वह पेशे से एक डाक्टर हैं। 25 वर्षीय चार्ली अपने कुछ दोस्तों के आस्ट्रेलिया गए थे और वहां वह अवोका बीच पर उनके साथ सर्फिंग का मजा ले रहे थे। अचानक सर्फिंग के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनके दाहिने हाथ पर एक जोरदार टक्कर लगी। पहले उन्हें लगा कि यह उनके किसी दोस्त की बदमाशी है, लेकिन जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो चार्ली के होश उड़ गए। चार्ली को टक्कर मारने वाला उनका कोई दोस्त नहीं बल्कि एक शार्क थी। पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन फिर चार्ली ने बड़ी तेजी से शार्क की नाक पर एक जोरदार मुक्का मारा और फिर अपने दोस्तों को मदद के लिए पुकारने लगे। चार्ली जब पानी से बाहर आए तो उन्हें एहसास हुआ कि उनके कंधे पर चोट लगी थी और खून बह रहा था। इसके बाद चार्ली के दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां उनका इलाज करवाया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App