सुजानपुर की सड़कों पर सफर खतरनाक

By: Nov 22nd, 2017 12:05 am

सुजानपुर  — सुजानपुर शहर में अव्यवस्था का आलम होने से शहर की जनता भारी परेशानी में है। बात साफ-सफाई की हो या फिर रास्तों पर भवन निर्माण सामग्री फेंकने की, हर तरफ घूमना, घरों से बाहर निकलना जान जोखिम भरा लग रहा है। मुख्य सड़कों पर फैली बजरी, रेत एवं अन्य भवन निर्माण सामग्री आ जाने से दुर्घटनाओं का अंदेशा लगातार बढ़ रहा है। इस लापरवाही से रोजाना लोग घायल हो रहे हैं। मुख्य बस स्टैंड पर बनी नगर परिषद की नालियों में ब्लॉकेज आने से पानी बाहर आना शुरू हो गया है और गंदगी के आलम में बीमारियां फैलने का भय बना हुआ है। ब्लॉकेज वाली नाली के साथ दुकानदारी कर रहे रेहड़ी-फड़ी एवं खोखा धारक भारी परेशानी में जीवन बसर कर रहे है।  इसके साथ ही बस स्टैंड पर आने वाले सैकड़ों यात्रियों का स्वागत यह गंदगी भरी नाली कर रही है। पंजाब नेशनल बैंक मुख्य मार्ग, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक चौक, नगर परिषद मार्केट, मुख्य बस स्टैंड आदि स्थानों के ऊपर फैली भवन निर्माण सामग्री वाहनों को दुर्घटनाग्रस्त कर रही है। रोजाना यहां पर सफर करने वाले लोग घायल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह भी है कि यह निर्माण सामग्री किसने यहां फिंकवाई है, कौन इसका मालिक है इसका कोई अता-पता नहीं है। स्थानीय जनता ने सुजानपुर प्रशासन से गुहार लगाई है कि शहर में जहां-जहां अव्यवस्थाएं पनप रही हैं या लोगों द्वारा फैलाई जा रही हैं उनपर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए और जो लोग ऐसा कार्य कर रहे हैं उनके ऊपर सख्त कार्रवाई की जाए। इस संबंध में उपमंडल अधिकारी सुजानपुर विजय कुमार धीमान ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में आई है। इसका शीघ्र ही हल निकाला जाएगा। नगर परिषद सुजानपुर को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे कि शहर में असुविधा न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App