हमीरपुर में नारी शक्ति जिसके साथ, उसी के सिर सजेगा ताज

By: Nov 4th, 2017 12:40 am

हमीरपुर— राज्य के सबसे कम अबादी वाले हमीरपुर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताआें का दबदबा है। नारी शक्ति जिला की पांचों सीटों के चुनावी नतीजे प्रभावित कर सकती है। प्रदेश का यह पहला जिला है, जिसके हर विधानसभा क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले महिला वोटरों की संख्या अधिक है। प्रदेश में महिलाआें के मुकाबले पुरुष मतदाताओं के सवा लाख वोट ज्यादा हैं। इसके विपरीत हमीरपुर जिला में महिला मतदाताओं के साढ़े सात हजार वोटर ज्यादा हैं। नौ नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए 49 लाख 91 हजार 921 मतदाता सूची में दर्ज हैं। इनमें महिला वोटरों की संख्या 24 लाख 26 हजार 277 है। इसके मुकाबले पुरुष मतदाता 25 लाख 65 हजार 722 हैं। रोचक है कि इसके विपरीत हमीरपुर जिला के पांचों विस क्षेत्रों के आंकड़े अलग हैं। जिला में कुल मतदाता तीन लाख 73 हजार 718 हैं। इनमें महिला मतदाताआें की संख्या एक लाख 90 हजार 662 है। इसके मुकाबले पुरुष वोटर महज एक लाख 83 हजार 56 हैं।  इस जिला में वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में तीन सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। सुजानपुर सीट भाजपा के बागी राजेंद्र राणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीती थी। कांग्रेस के खाते में एकमात्र बड़सर की सीट आई थी। सुजानपुर तथा भोरंज उपचुनाव की दोनों सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। इसके चलते वर्तमान में पांच विधानसभा क्षेत्र वाले इस जिला में बड़सर को छोड़कर चारों सीटों पर भाजपा काबिज है। पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान ने सबसे बड़े अंतर दस हजार 415 मतों से भोरंज की सीट जीती थी। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर सदर की सीट के 9302 मतों से जीता था। नादौन विधानसभा क्षेत्र से विजय अग्निहोत्री ने सुखविंदर सुक्खू को 6750 मतों से शिकस्त दी थी। बड़सर से कांग्रेस के इंद्रदत्त लखनपाल ने भाजपा के बलदेव शर्मा को 2658 मतों से हराया था। सुजानपुर से निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने रिकार्ड 14 हजार 166 मतों से भारी भरकम जीत हासिल की थी। हालांकि उपचुनावों में राजेंद्र राणा की धर्मपत्नी अनीता राणा को भाजपा के नरेंद्र ठाकुर ने पटकनी देते हुए इसी सीट को हथिया लिया। इसी तरह आईडी धीमान की मृत्यु से रिक्त हुई भोरंज की सीट को भाजपा के अनिल धीमान ने जीता था।

नादौन में सबसे ज्यादा मतदाता

हलका     पुरुष       महिला     कुल

नादौन     42181     42869    85050

बड़सर    38509    40612    79121

भोरंज      36121    38335     74456

हमीरपुर   33935    34289    68224

सुजानपुर  32310    34557     66867

कुल       183056   190662  373718

इन केंद्रों पर महिला कर्मचारी संभालेंगी मोर्चा

जिला के कुल 524 मतदान केंद्रों में से दस मतदान केंद्र महिला कर्मियों के हवाले होंगे। इन केंद्रों पर प्रीजाइडिंग अफसर से लेकर पुलिस कर्मी तक सभी महिला कर्मचारी होंगी। भोरंज के सपलेहड़ा तथा परोल को महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। सुजानपुर के पटलांदर तथा सुजानपुर मतदान केंद्र में महिला कर्मचारी तैनात होंगी। हमीरपुर शहर के एक तथा दो नंबर पोलिंग बूथ में महिला कर्मचारी वोटिंग करवाएंगी। बड़सर के बिझड़ी और बणी तथा नादौन के नादौन वन व नादौन टू के मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी मोर्चा संभालेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App