हाटी समुदाय के लिए खुशखबरी, जनजातीय मंत्रालय पहुंचा केस

By: Nov 17th, 2017 12:05 am

गिरिपार को ट्राइबल एरिया घोषित करने के लिए अब संसद के दोनों सदनों में रखा जाएगा मसला

नौहराधार, नाहन— जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय घोषित करने के लिए एक कामयाबी हासिल हुई है, जिससे हाटी के लोगों को अब जनजातीय होने की उम्मीद जगी है। सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र के करीब तीन लाख लोगों से पिछले छह दशक से जुड़ा हाटी समुदाय का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। हाटी समुदाय को उम्मीद की एक किरण दिल्ली से नजर आई है। भारत सरकार के रजिस्ट्रार जनरल ऑफ बैकवर्ड क्लासेज के कार्यालय से हाटी समुदाय का मामला केंद्र सरकार के जनजातीय मंत्रालय को भेजे जाने का समाचार है। रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया से हाटी समुदाय के बारे में एक ताजी रिपोर्ट मिनिस्ट्री ऑफ ट्राइबल अफेयर को भेजी गई है। अब इस मामले में केंद्र सरकार का ट्राइबल मंत्रालय मंथन करेगा कि हाटी समुदाय की पिछले करीब 60 सालों से चली आ रही पिछड़ा क्षेत्र की मांग के बारे में आगामी निर्णय क्या लिया जाना है। प्रदेश के कुछ अन्य भागों की भी इसी तरह की रिपोर्ट केंद्र सरकार के ट्राइबल मंत्रालय के पास गई है। जानकारी के अनुसार इस जनजातीय क्षेत्र की फाइल आरजीआई से पत्र संख्या पीएमओ पीजी 217/0459575 के तहत 28 सितंबर को गृह मंत्रालय को भेजा गया है। इसके बाद यह मसला संसद के दोनों सदनों में रखा जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति की अनुमति से यह क्षेत्र ट्राइबल घोषित हो जाएगा। यह समझा जा सकता है कि इस क्षेत्र को जनजातीय घोषित करने की दिशा में आरजीआई से क्लीयरेंस मिलना बड़ी उपलब्धि है। गिरिपार क्षेत्र के ट्राइबल में 127 पंचायतें आती हैं, जिसमें राजगढ़ की 30 पंचायत, रेणुका की 41 पंचायत, शिलाई की 48 तथा पांवटा साहिब की 11 पंचायतें आती हैं। इसमें वर्ष 2011 से दो लाख 48 हजार की आबादी आती है, जिसमें 70 हजार हरिजन बस्ती तथा बाकी अन्य जातियों की है। गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय का मामला वर्ष 1967 से लगातार उठाया जा रहा है, क्योंकि वर्ष 1967 में ट्रांसगिरि के साथ लगते उत्तराखंड के जौनसार बाबर क्षेत्र को जनजाति का दर्जा मिल चुका है। इसी आधार पर हाटियों ने भी तब से जनजाति के दर्जे की मांग उठाई थी।

ट्रांसगिरि में समुदाय

ट्रांसगिरि क्षेत्र की तहसील शिलाई, रोनहाट व उपतहसील कमरऊ, पांवटा के आंजभौज क्षेत्र, रेणुका की संगड़ाह, नौहराधार व राजगढ़ तहसील की कई पंचायतों में करीब तीन लाख हाटी समुदाय के लोग रहते हैं। हाटी लोग जौनसार बाबर की तर्ज पर जनजातीय दर्जे की मांग कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App