एग्जिट पोल से भी बेहतर होंगे नतीजे

By: Dec 16th, 2017 12:08 am

धूमल का दावा, जनता ने भाजपा को दिया समर्थन

हमीरपुर— भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे एग्जिट पोल से भी बेहतर होंगे। प्रदेश की जनता ने भाजपा की सरकार के लिए वोट दिया है। लिहाजा यह उम्मीद की जाती है कि 18 दिसंबर को हम 60 प्लस का रिकार्ड बनाएंगे। प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि चुनावों से पहले हिमाचल में फिफ्टी प्लस का नारा दिया था। मतदान केंद्रों में पहुंचने पर प्रदेश की जनता ने इसे सिक्स्टी प्लस में तबदील कर दिया है। अपने निवास स्थान पर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि एग्जिट पोल में अधिकतर चैनल और एजेंसियां भाजपा को फिफ्टी से ज्यादा सीटें दे रही हैं। चुनावों में दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ताआें के लिए यह खबर जश्न मनाने जैसी है। बकौल धूमल हमें नतीजों का 18 दिसंबर तक इंतजार करना होगा। उसके बाद ही अगली कार्रवाई धरातल पर शुरू की जा सकती है। अलबत्ता एग्जिट पोल के नतीजों के बाद समीरपुर में जश्न का माहौल बन गया है। विभिन्न एजेंसियों के रुझानों से लबालब हिमाचल भाजपा के हजारों वर्कर हमीरपुर पहुंचे हैं। भाजपा सीएम के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान पर शुक्रवार तड़के ही समर्थकों की भीड़ जुटना आरंभ हो गई। ठंड के बावजूद धूमल निवास पर भाजपाई देर शाम तक डटे रहे। सोमवार को विधानसभा के नतीजे आएंगे। शुक्रवार को प्रेम कुमार धूमल नाश्ता करने के बाद सुबह नौ बजे अपने आफिस में पहुंचे। दिन भर वह कार्यकर्त्ताआें से मिलते रहे। नेताओं व कार्यकर्त्ताआें की भीड़ के चलते शुक्रवार को उन्हें लंच के लिए भी समय नहीं मिला।

अधिकारियों की सीक्रेट बैठकें

समीरपुर में शुक्रवार को कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाजपा के सीएम उम्मीदवार से सिक्रेट बैठकें की हैं। माना जा रहा है कि अलग-अलग अधिकारियों से हुई मंत्रणा में आगे की रूपरेखा तैयार की गई है। इनमें कुछ मौजूदा नौकरशाह भी शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App