कड़ाके की ठंड ने जकड़ा हिमाचल

By: Dec 12th, 2017 12:06 am

प्रदेश में ड्राई स्पेल खत्म; बर्फ से लदे पहाड़, मैदान भीगे

शिमला — मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के साथ सोमवार को हिमाचल में कड़ाके की ठंड रही। बारिश और बर्फबारी से समूचे प्रदेश में तापमान कई डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से 11 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है, जिसके चलते राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पांगी घाटी में बर्फबारी का दौर जारी रहने से उपमंडल का संपर्क शेष विश्व से कट गया। कुल्लू के जलोड़ी जोत, खराल व लग वैली, रोहतांग, धर्मशाला की धौलाधार पर्वत शृंखलाओं और चंबा के मणिमहेश, साज पास प जालसू पास में ताजा हिमपात हुआ। राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में दिन भर मौसम खराब बना रहा। इस दौरान अधिकतम क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश में लंबे ड्राई स्पेल के बाद हुई बारिश-बर्फबारी को देखकर किसानों-बागबानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। मगर कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में कैद करना शुरू कर दिया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 14.0, सुंदरनगर में 15.2, भुंतर में 14.2, कल्पा में 13.8, धर्मशाला में 14.8, ऊना में 16.6, नाहन में 22.5, सोलन में 18.5, कांगड़ा में 13.6, चंबा में 15.4, डलहौजी में 5.3, बिलासपुर में 15.0 और हमीरपुर में 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ऊना के तापमान में सबसे अधिक 11.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसके अलावा हमीरपुर व बिलासपुर में 8.0, सुंदरनगर में 7.0, कांगड़ा में 10.0, चंबा में 6.0, डलहौजी, भुंतर  में 5.0 और शिमला, सोलन में 3.0 डिग्री तक अधिकतम तापमान लुढ़का है।

14 तक बिगड़े रहेंगे मौसम के मिजाज

मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 14 दिसंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबारी होगी। मैदानी क्षेत्रों में इस दौरान अनेक स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में 15 से 17 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App