कश्मीर में आज से बारिश बर्फबारी की भी चेतावनी

By: Dec 10th, 2017 12:01 am

श्रीनगर— कश्मीर घाटी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है और  दिसंबर में पहली बार यह सामान्य से ऊपर रहा। कश्मीर में रविवार से सामान्य से भारी बारिश और हिमपात की चेतावनी जारी की जा चुकी है। लद्दाख में हालांकि सर्दी बढ़ती जा रही है, जहां लेह और कारगिल में रात के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में अगले 24 घंटों तक मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अरब सागर से बनकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान तक पहुंचने वाला पश्चिमी विक्षोभ रविवार को प्रदेश को प्रभावित करेगा। इससे प्रदेश में अगले चार दिन तक भारी बारिश और हिमपात होगा। उन्होंने कहा कि इससे घाटी में सड़क और हवाई संपर्क बाधित होगा। मौसम और भू-स्खलन की चेतावनी के कारण प्रशासन ने 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को अगले आदेश आने तक बंद कर दिया है। तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से लेह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान हो गया है। दूसरा सबसे ठंडा स्थान कारगिल है, जहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लेह में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App