कांग्रेस पार्टी में राहुल राज शुरू

By: Dec 17th, 2017 12:08 am

नई दिल्ली— राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल लिया। राहुल गांधी ने सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मौजूदगी में देश की सबसे पुरानी पार्टी की कमान अपने हाथों में ली। उन्हें केंद्रीय चुनाव प्रभार समिति के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने सोनिया गांधी की मौजूदगी में सर्टिफिकेट सौंपा। इस दौरान पार्टी दफ्तर के बाहर जश्न का माहौल रहा, कार्यकर्ताओं ने जमकर डांस किया और लोकगीत गाए। बतौर अध्यक्ष अपने पहले भाषण में राहुल ने केंद्र की सत्ताधारी मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री देश को पीछे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बार आग लग जाती है तो उसे बुझाना मुश्किल होता है। यही हम बीजेपी के लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। एक बार आपने देश में आग लगा दी तो उसे बुझाना मुश्किल होता है। पूरे देश में आग और हिंसा फैलाई जा रही है। पूरे देश में सिर्फ एक शक्ति है, जो इसे रोक सकती है और वह है कांग्रेस का प्यारा कार्यकर्ता। वे तोड़ते हैं, हम जोड़ते हैं। वे आग लगाते हैं, हम बुझाते हैं। वे गुस्सा करते हैं, हम प्यार करते है कि इस दौरान उन्होंने बीजेपी के कांग्रेस मुक्त भारत नारे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम बीजेपी के लोगों को भी भाई-बहन मानते हैं। वे हमें मिटाना चाहते हैं। हम ऐसा नहीं सोचते। हम नफरत का मुकाबला नफरत से नहीं करते, प्यार से करते हैं। हम बीजेपी की विचारधारा से सहमत नहीं, पर उनसे नफरत नहीं करते।

सोनिया गांधी का बेटे को संदेश

नई दिल्ली — कांग्रेस की 19 साल तक कमान संभालने के बाद सोनिया गांधी ने शनिवार को कांग्रेस की बागडोर बेटे राहुल गांधी को सौंप दी। बतौर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया का आखिरी भाषण राजनीति में उनके जीवन में आए उतार-चढ़ावों के किस्सों से भरा था। सास और पति के बलिदान और अपने संघर्ष के भावुक जिक्र से जहां वह राहुल को साहस का संदेश देती दिखीं, वहीं कांग्रेसियों को चेताया कि पार्टी के सामने जितनी बड़ी चुनौती आज है, उतनी बड़ी कभी नहीं थी। सोनिया ने बेटे राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि राजनीतिक हमलों ने उन्हें और मजबूत व दृढ़ बनाया है। कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष पद का प्रमाणपत्र सौंपे जाने के मौके पर आयोजित समारोह में सोनिया ने भाषण की शुरुआत अपने जीवन के वाकयों के जिक्र के साथ की। सोनिया ने कहा कि राजनीति में उनकी एंट्री संयोगवश ही हुई थी। उन्होंने कहा कि राजीव जी से विवाह के बाद ही मेरा राजनीति से परिचय हुआ। इस परिवार में मैं आई। यह एक क्रांतिकारी परिवार था। इंदिरा जी इसी परिवार की बेटी थी, जिस परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के लिए अपना धन-दौलत और पारिवारिक जीवन त्याग दिया था। उस परिवार का एक-एक सदस्य देश की आजादी के लिए जेल जा चुका था। देश ही उनका मकसद था, देश ही उनका जीवन था। राहुल गांधी ने कांग्रेस की कमान संभाल ली है। कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद राहुल ने बीजेपी और उसकी विचारधारा पर तीखे हमले किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App