किसान नहीं, सरकार बचाए गाय को

By: Dec 12th, 2017 12:08 am

डा. भरत झुनझुनवाला

लेखक, आर्थिक विश्लेषक एवं टिप्पणीकार हैं

सरकार को चाहिए कि देशी गाय, विदेशी गाय एवं भैंस के दूध के गुण के इस अंतर को जनता तक पहुंचाए जिससे देशी गाय के दूध की बाजार में मांग बढ़े, लोग इस दूध का ऊंचा दाम अदा करें तथा किसान के लिए देशी गाय को रखना लाभप्रद हो जाए। देशी गाय के दूध को बेचने वाली डेयरी कंपनियों को टैक्स में छूट देनी चाहिए। तीनों प्रकार के दूध के गुणों का विस्तृत मूल्यांकन करना चाहिए। जिन डेयरी का दूध इन गुणों में उत्तम हो, उन्हें टैक्स में छूट देनी चाहिए…

सरकार ने गाय को काटने पर प्रतिबंध लगाया है परंतु देश मे गायों की संख्या कम होती ही जा रही है। पूर्व में किसान के लिए गाय लाभकारी थी। वह गोचर भूमि में चरकर परिवार के लिए दूध एवं खेत के लिए गोबर देती थी। उसकी नर संतान उपयोगी थी। बैल से खेत में जुताई की जाती थी। गाय से समाज का आध्यात्मिक विकास भी होता था। गाय के माध्यम से मनुष्य ईश्वर से जुड़ता था। इस प्रकार गाय से भौतिक एवं आध्यात्मिक दोनों लाभ एक साथ हासिल होते थे, लेकिन आतताई राजाओं द्वारा मांस के लिए गाय का वध किया जा रहा था। इस वध को रोकने के लिए समाज ने गाय को मां का दर्जा दिया।

नई तकनीकों ने गाय की आर्थिकी को बदल दिया है। टै्रक्टर एवं थ्रैशर ने जुताई एवं दबाई के लिए बैल की जरूरत को समाप्त कर दिया। ट्यूबवेल ने सिंचाई के लिए बैल को अनुपयुक्त बना दिया है। भैंस ने दूध के लिए गाय का विकल्प उपलब्ध करा दिया। गाय का स्वभाव चरने का होता है, जबकि भैस का स्वभाव एक स्थान पर बैठे रहने का होता है। चरने के लिए गाय को गोचर भूमि चाहिए। बीते दिनों गोचर भूमि का भारी मात्रा में अन्य कार्यों के लिए जैसे स्कूल बनाने के लिए आबंटन किया गया है। गोचर पर गैर कानूनी अतिक्रमण भी हुआ है। फलस्वरूप गांवों में गोचर भूमि कम बची है। तदानुसार गाय को भी घर बैठा कर चारा देना होता है। गाय का दूध सस्ता पड़ता है यदि वह गोचर में चरे। भैस का दूध सस्ता पड़ता है यदि वह घर पर बैठे। गोचर भूमि के सिकुड़ने से भैंस को रखना लाभप्रद हो गया है। केंद्र सरकार की करनाल स्थित सेंट्रल सॉयल सेलिनिटी रिसर्च इंस्टीच्यूट के अनुसार आज एक भैंस से किसान को 7,400 रुपए वार्षिक लाभ होता है जबकि गाय से मात्र 5,100 रुपए। नई परिस्थिति में गाय तथा बैल दोनों ही किसान के लिए आर्थिक बोझ बन गए हैं। किसान के लिए ट्रैक्टर, थ्रैशर, ट्यूबवेल ने बैल को अप्रासंगिक बना दिया है और भैंस ने गाय को अप्रासंगिक बना दिया है। अब गाय के संरक्षण का एक मात्र उद्देश्य आध्यात्मिक लाभ बचा रहता है। गाय से मिलने वाले आध्यात्मिक लाभ के लिए आर्थिक मूल्य अदा करना होगा। प्रश्न है कि इस मूल्य को कौन अदा करे?

गाय के वध पर प्रतिबंध लगा कर सरकार ने इस मूल्य को किसान पर ढकेल दिया है। सरकार का कहना है कि समाज के आध्यात्मिक विकास का मूल्य किसान अदा करे। सर्वविदित है कि समाज को सस्ता अन्न उपलब्ध कराने के लिए पहले ही किसान घाटा खा रहा है और अकसर आत्महत्या करने को मजबूर है। ऐसे में जरूरत है कि संपूर्ण समाज द्वारा किसान को सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके विपरीत गाय के वध पर प्रतिबंध लगा कर हम किसान पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं।

इस संदर्भ में मेरे एक गो सेवक मित्र ने कहा कि हम अपने बूढ़े मां- बाप की सेवा करते हैं, यद्यपि वे हम पर आर्थिक बोझ होते हैं। इसी प्रकार हमें गाय की सेवा करनी चाहिए यद्यपि वह हम पर आर्थिक बोझ होती है, लेकिन यहां ध्यान देना चाहिए कि अपने बूढ़े माता- पिता की सेवा का आर्थिक बोझ परिवार स्वयं वहन करता है। उस बोझ को शेष समाज पर नही डाला जाता है। इसी प्रकार जिन लोगों को गाय से मिलने वाले आध्यात्मिक लाभ को पाने की इच्छा है, उन्हें गाय के संरक्षण का आर्थिक बोझ वहन करना चाहिए।

विकल्प है कि सरकार इस बोझ को वहन करे। सरकार द्वारा समाज के विभिन्न घटकों के लाभ के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं जैसे गरीबों के लिए इंदिरा आवास, दलितों के लिए सरकारी नौकरी में आरक्षण एवं मुसलमानों के लिए हज यात्रा की सबसिडी। इसी प्रकार सरकार को गाय के संरक्षण के लिए योजना बना कर उसका आर्थिक बोझ वहन करना चाहिए। इस दिशा में सरकार द्वारा निम्न कदम उठाए जा सकते है। पहला एवं सर्वश्रेष्ठ कदम है कि गाय के दूध के गुणों की जानकारी जन- जन तक पहुंचाने के लिए एक महत्त्वाकांक्षी योजना बनाई जाए। भैंस के दूध की तुलना में गाय का दूध ज्यादा गुणकारी होता है। दूध मे फैट के साथ-साथ तमाम अन्य लाभकारी मिनरल्स होते हैं। इन्हें सॉलिड नॉन-फैट यानी फैट के अतिरिक्त ठोस पदार्थ कहा जाता है। गाय के दूध में सॉलिड नॉन फैट ज्यादा होता है जबकि भैस के दूध में कम। इसलिए कहा जाता है कि ‘‘भैंस के जैसी बुद्धि हो जाएगी।’’ लेकिन आम आदमी को गाय तथा भैंस के दूध के इस अंतर का ज्ञान नही होता है इसलिए वह ‘‘गाढ़े’’ यानी अधिक फैट वाले भैंस के दूध को पसंद करता है।

यहां देशी एवं विदेशी गाय में भेद करने की भी जरूरत है। विदेशी गाय के दूध में देशी गाय की तुलना में सॉलिड नॉन फैट कम होता है। विदेशी गाय के दूध की गुणवत्ता भैंस के दूध के नजदीक होती है। सरकार को चाहिए कि देशी गाय, विदेशी गाय एवं भैंस के दूध के गुण के इस अंतर को जनता तक पहुंचाए जिससे देशी गाय के दूध की बाजार में मांग बढ़े, लोग इस दूध का ऊंचा दाम अदा करें तथा किसान के लिए देशी गाय को रखना लाभप्रद हो जाए। देशी गाय के दूध को बेचने वाली डेयरी कंपनियों को टैक्स में छूट देनी चाहिए। तीनों प्रकार के दूध के गुणों का विस्तृत मूल्यांकन करना चाहिए। जिन डेयरी का दूध इन गुणों में उत्तम हो, उन्हे टैक्स में छूट देनी चाहिए।

दूसरा उपाय है कि सरकार देशी गाय के संरक्षण की बड़ी योजना बनाए। जो किसान देसी गाय को पालने में असमर्थ हो, उससे सरकार इन्हें खरीद कर गोशालाओं को हस्तांतरित करे। साथ-साथ गोशालाओं को आर्थिक मदद भी दे। मेरी जानकारी में अधिकतर गोशालाएं घाटे में चल रही हैं और आर्थिक कठिनाई में हैं। तीसरा उपाय है कि गोचर भूमि का संरक्षण किया जाए। किसी साधु ने बताया कि हरियाणा मे गांवों की गोचर भूमि पर सत्तारूढ़ पार्टी के कर्मियों द्वारा बड़े पैमाने पर कब्जा किया जा रहा है। गाय को गोचर चाहिए। गोचर नही रहेंगे, तो गाय भी नही बचेगी।

चौथा उपाय है कि बैल को काटने की छूट दे दी जाए। जैसा ऊपर बताया गया है कि गाय के अर्थशास्त्र के बिगड़ने मे टै्रक्टर, थ्रैशर तथा ट्यूबवेल का भारी योगदान है। बैल से खेती करना बहुत महंगा हो गया है। उत्तराखंड के मेरे गांव में 10 वर्ष पूर्व 5 बैलों की जोडि़यां थीं। आज एक भी नही है। टै्रक्टर से सब काम हो रहा है। बैल को रखना किसान के लिए भारी घाटे का सौदा हो गया है। बछड़े को न पालना पड़े इसलिए किसान गाय को बेच कर भैंस रख रहा है। कटु सत्य यह है कि बैल को बचाने के प्रयास में हम गाय का ही स्वाहा कर रहे हैं। हमारे धर्म गुरुओं को इस समस्या पर मंथन करना चाहिए। अध्यात्म और अर्थशास्त्र में तालमेल बैठाना चाहिए।

सरकार के गाय के संरक्षण के प्रति सम्मान का स्वागत है। परंतु इस कार्य के आर्थिक बोझ को किसान पर ढकेलना पूर्णतया अनुचित है। जरूरत है कि संपूर्ण समाज गाय के संरक्षण का आर्थिक मूल्य अदा करे। इसके लिए सरकार को सफल नीति बनानी चाहिए।

ई-मेल : bharatjj@gmail.com

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App