गुपचुप एक-दूजे के हुए विरुष्का

By: Dec 12th, 2017 12:08 am

इटली के मिलान में की शादी, 21 को दिल्ली-26 को मुंबई में रिसेप्शन

नई दिल्ली— भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने सोमवार को इटली के मिलान शहर में शादी की है। दोनों ने ट्विटर पर आधिकारिक रूप से इस बात की घोषणा की। शादी के समारोह में दोनों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए थे। क्रिकेट की दुनिया से सचिन तेंदुलकर और फिल्मी दुनिया से शाहरुख खान के इसमें शामिल होने की खबर है। खबरों के मुताबिक, 21 को दिल्ली व 26 दिसंबर को मुंबई में शादी का रिसेप्शन होगा। कोहली और अनुष्का, दोनों की मुलाकात 2013 में एक शैंपू के विज्ञापन के दौरान हुई थी। कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बाद कहा कि वह पिछले करीब दो साल से लगातार खेल रहे हैं और इस वजह से वह काफी थक गए हैं, इसलिए उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज में नहीं खेलने का फैसला किया था। तभी से यह चर्चा होने लगी थी कि विराट इस खाली समय में शादी कर सकते हैं। जब यह खबर सामने आई थी, तब अनुष्का के प्रवक्ता ने इस खबर का खंडन किया था। विराट और अनुष्का पिछले काफी समय से रिलेशनशिप में हैं। दोनों अपने रिश्ते को लेकर काफी खुलकर बात करते रहे हैं। कोहली इस समय दुनिया के सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाले एथलीट्स में से हैं, वहीं अनुष्का भी कामयाब सितारों में शामिल हैं। इतना ही नहीं वह एक कामयाब फिल्म प्रोड्यूसर भी हैं। दोनों के विवाह बंधन में बंधने पर बालीवुड व क्रिकेट जगत की मशहूर हस्तियों ने बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App