दम घुटने से एक की मौत, पांच गंभीर

By: Dec 16th, 2017 12:40 am

सराज के कांडा में पेश आया हादसा, जेनरेटर से निकले धुएं ने पश्चिम बंगाल के मजदूरों की रोकी सांसें

मंडी— मंडी जिला के सराज विस के कांडा कस्बे के पास जहरीली गैस व धुएं से दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। चार मजदूरों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। एक मजदूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थुनाग में उपचाराधीन है। ये सभी मजदूर हैदराबाद की हलसा जिओ कंपनी के तहत कांडा के गुलाची में कार्यरत हैं। हलसा कंपनी इन दिनों थुनाग क्षेत्र में तेल खोजने का काम कर रही है। यह काम उसे ओएनजीसी से मिला हुआ है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर कंपनी की मैस में काम करते हैं। इस हादसे में मरने वाले विश्वाकंडा पश्चिम बंगाल के 24 परगना साउथ जिला के बुद्धसकवली का रहने वाला था। पांच अन्य मजदूर भी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, जिनमें राम कृष्ण, रवि, श्रीकांत, राधानाथ और विकास शामिल हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को ये सभी लोग अपना काम खत्म करने के बाद तंबू सो गए थे। कार्य स्थल पर बिजली के लिए कर्मचारियों द्वारा जेनरेटर सेट का प्रयोग किया जाता है। बताया जा रहा है कि रात को जेनरेटर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे तंबू में धुआं व जहरीली गैस भर गई। धुएं में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा अत्यधिक बढ़ने से तंबू में सोए मजदूरों का दम घुट गया और वे बेहोश हो गए। सुबह जब कंपनी के अन्य लोगों को चाय आदि समय पर नहीं मिली तो वे मजदूरों के तंबू में उन्हें उठाने गए। मजदूरों को बेहोश देख कंपनी के अन्य कर्मचारी हैरान रह  गए। एक मजदूर की मौके पर मौत हो चुकी थी। पांच अन्य मजदूरों को इन लोगों ने थुनाग अस्पताल पहुंचा, वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार मजदूरों को जोनल अस्पताल मंडी के लिए रैफर कर दिया।  पुलिस अधीक्षक मंडी अशोक कुमार का कहना है कि मामला दर्ज किया गया है और जंजैहली पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App