धूमधाम से मनाया सोनिया गांधी का जन्मदिन

By: Dec 10th, 2017 12:02 am

नई दिल्ली— कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं ने शनिवार को जन्मदिन की बधाई दी। कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने अपनी नेता का जन्मदिन देशभर में उत्साह तथा धूमधाम से मनाया। श्रीमती गांधी के आवास दस जनपथ पर दिन भर उत्सव का माहौल रहा तथा सुबह से ही उन्हें बधाई देने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह प्रमुख थे। श्रीमती गांधी का जन्म नौ दिसंबर, 1946 में इटली में हुआ था। श्री मोदी ने ट्वीट कर श्रीमती गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। मैं आपकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर श्रीमती गांधी को बधाई देते हुए पोस्ट में लिखा है कि संवेदनशील, मेहनती, निस्वार्थी। शांत, ओजस्वी एवं दृढ़। सभी मुश्किलों में जूझने का बल। एक माता, एक नेता , एक मित्र। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया कि दिल में मानवीयता और जीवन पथ पर करुणा और अहिंसा को आत्मसात। देश और पार्टी के लिए प्रतिबद्ध एक नेता। सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App