पुलिस बैंड की धुन से गूंजा रिज

By: Dec 8th, 2017 12:08 am

स्थापना दिवस समारोह पर जवानों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश कर जीता सबका दिल

शिमला – गुरुवार का दिन हिमाचल पुलिस के लिए खास रहा। ऐसा इसलिए कि गुरुवार को शिमला में पुलिस स्थापना दिवस समारोह का आगाज हुआ। पुलिस इतिहास के अब तक सफर में यह पहली दफा है कि पुलिस ने अपना स्थापना दिवस मनाया है। समारोह का शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। शिमला के रिज मैदान पर इस समारोह की धूम रही। पुलिस जवानों ने जहां भव्य परेड निकाली वहीं जवानों ने पीटी शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों को मन मोहा। समारोह सुबह 11 बजे शुरू हुआ,  परेड की अगवाई युवा आईपीएस अधिकारी डा. मोनिका ने की। राज्यपाल ने राज्यपाल ने मार्चपास्ट की सलामी ली और पुलिस और परेड का निरीक्षण किया। पुलिस स्थापना दिवस समारोह का एक आकर्षण पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। महिला पुलिस आईआरबीएन बस्सी की महिला पुलिस कर्मियों ने झमाकड़ा प्रस्तुत किया। महिला कर्मियों ने झमाकड़े से पूरे रिज को संगीतमय कर दिया। प्रथम आईआरबीएन वनगढ़ के जवानों ने पंजाबी भंगड़ा प्रस्तुत कर सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इन जवानों ने पहाड़ी गीत…रोहड़ू जाना मेरी आमिए ..पेश समारोह में पहाड़ी रंग भर दिया। स्थानीय लोगों ने इन गीतों का खूब आनंद लिया। पहले दिन के समारोह में पीटी शो बड़ा आकर्षण रहा। रंग-बिरेंगे परिधानों में सुसज्जित करीब पौने दो सौ पुलिस व महिला जवानों इस पीटी शो पेश किया और इसकी प्रस्तुति के दौरान यहां मौजूद दर्शक बार-बार तालियां बजाने को मजबूर हुए। शिमला पुलिस और सकोह बटालियन के पुलिस बैंड ने भी अपनी प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोहा। इस समारोह में नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं हिमाचल के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी शर्मा, मुख्य सचिव वीसी फारका, एडीजीपी विजिलेंस एसबी नेगी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, भारत सरकार व राज्य सरकार के अधिकारीगण और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे। वहीं, शाम के वक्त गेयटी थियेटर में पुलिस जवानों का रंगारंग कार्यक्रम हुआ। इसमें सैलानियों के अलावा स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया।

‘दिव्य हिमाचल’ को सम्मान

दो दिवसीय हिमाचल पुलिस स्थापना समारोह का मीडिया पार्टनर हिमाचल के अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ को बनाया गया है। इस समारोह में मीडिया पार्टनर के तौर पर ‘दिव्य हिमाचल’ को सम्मानित किया गया। ‘दिव्य हिमाचल’ के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा ने राज्यपाल से यह सम्मान ग्रहण किया। पुलिस विभाग ने इस इवेंट का मीडिया पार्टनर बनने के लिए ‘दिव्य हिमाचल’ का आभार जताया।

समारोह का मुख्य आकर्षण

पुलिस विभाग द्वारा इंस्टीटयूशनल आर्किटेक्चर एंड सिक्योरिटी रिफार्मज फॉर इंडियन पुलिस इन टवेंटी वन सेंचुरी विषय…पर एक सेमिनार ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में होगा। इसमें आईबी के पूर्व निदेशक पीसी हलधर और  इंस्टीटच्यूट ऑफ कंफ्लिक्ट मैनेजमेंट नई दिल्ली के डा. अजय साहनी अपना लेक्चर प्रस्तुत करेंगे। यह सेमिनार सुबह 11 बजे शुरू होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App