बस आज का इंतजार, कल खुल जाएगा राज

By: Dec 17th, 2017 12:05 am

 मंडी –नौ नवंबर को मतदान के बाद परिणाम का इंतजार कर रहे मंडी जिला के नेताओं, उनके समर्थकों व जनता के लिए अब एक दिन का इंतजार शेष बचा है। 18 दिसंबर को मंडी की 10 सीटों पर हार जीत की तस्वीर साफ हो जाएगी। पिछले विस चुनावों में भाजपा कांग्रेस पांच-पांच सीटें जीत कर बराबरी पर रही थी, लेकिन इस बार दोनों ही दलों को इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। हालांकि 2007 के चुनावों में भाजपा ने मंडी जिला में सात सीटें जीती थीं और भाजपा इस बार इससे और अधिक सीटें जीतने के दावे कर रही है। हालांकि अभी तक के अनुमान व विभिन्न टीवी चैनलों के एग्जिट पोल के बाद मंडी जिला में भाजपा का ही पलड़ा भारी नजर आ रहा है, लेकिन असली तस्वीर 18 दिसंबर को ही सामने आएगी। वहीं 18 दिसंबर के लिए अब एक दिन का इंतजार नेताओं के लिए एक दर्द की तरह बन गया है। 17 दिसंबर की रात नेताओं और उनके समर्थकों के लिए पिछले 5 वर्षो में सबसे बेचनी भरी रहने वाली है। इस चुनाव में मंडी जिला के तीन मंत्रियों और भाजपा के तीन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव भी पर लगी हुई है। कुछ पर हर हाल में जीत का दबाव है तो कुछ नेताओं को बड़ी जीत दर्ज करने की उम्मीदें उनके समर्थकों व राजनीतिक दलों ने लगाई हुई है। इस चुनाव में स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी और कांग्रेस से भाजपा में आए ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा के लिए ये चुनाव चुनौती भरे रहे हैं।  कौल सिंह ठाकुर को जहां अपने ही महारथी पूर्ण चंद से चुनाव में टक्कर मिली है, तो वहीं प्रकाश चौधरी को इस बार बल्ह में भाजपा से सीधा मुकाबला हुआ है। इसी तरह से अनिल शर्मा के लिए भी पार्टी बदलने के बाद सदर के हालात चुनाव में बदले-बदले रहे हैं। तो उधर, इस चुनाव में भाजपा के तीन पूर्व मंत्रियों की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। ्र भाजपा के पूर्व मंत्री एवं दिग्गज नेता जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के लिए भी यह चुनाव अति महत्त्वपूर्ण है। जोगिंद्रनगर में जहां गुलाब सिंह ठाकुर त्रिकोणीय मुकाबले में इस बार रहे हैं, तो वहीं जयराम ठाकुर और महेंद्र सिंह ठाकुर पर इस बार बडे़ मार्जन से जीत दर्ज करने का दबाव है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App