महानायकों की हार से हैरान

By: Dec 19th, 2017 12:15 am

ऊना में भाजपा ने पलटी बाजी

ऊना – जिला ऊना में भाजपा ने पिछली दफा के नतीजे उल्टाते हुए पांच में से तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की है। ऊना ने एक बार फिर प्रदेश में सत्तासीन होने जा रहे राजनीतिक दल के पक्ष में तीन-दो की बढ़त दी है। कांग्रेस ने 2012 में ऊना जिला में तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को दो सीटें मिली थीं। इस बार भाजपा ने कुटलैहड़ विधानाभा क्षेत्र में दुर्ग को कायम रखने में सफलता पाई, वहीं कांग्रेस से गगरेट व चिंतपूर्णी सीटें छीन ली, जबकि कांग्रेस हरोली का मजबूत किला बचा पाने में सफल रही, भाजपा से ऊना सीट जीतकर सदर विस क्षेत्र में 15 सालों से जीत के सूखे को खत्म किया। इस बार विधानसभा चुनावों में जिला के मतदाताओं ने तीसरा विकल्प पूरी तरह नकार दिया। जिला में भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों को छोड़ अन्य कोई भी जमानत तक न बचा पाया। जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बसपा सहित आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनावी समर में उतरे 12 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की हार के रूप में भाजपा को ऊना में जबरदस्त झटका लगा है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने सतपाल सत्ती को 3196 मतों से हराकर पिछली दफा मिली हार का बदला लिया। आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनावी रण में उतरे राजीव गौतम जमानत भी न बचा पाए। कुटलैहड़ में कांग्रेस को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने कुटलैहड़ में लगातार चौथी जीत दर्ज की। गगरेट में भाजपा ने कांग्रेस के दिग्गज राकेश कालिया को बड़े अंतर से हराकर सनसनी फैला दी। राजेश ठाकुर ने राकेश कालिया को सीधे मुकाबले में 9320 मतों से हराया। हरोली कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश अग्निहोत्री ने लगातार चौथी बार जीत का परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी रामकुमार भी इस क्षेत्र में भाजपा की नैय्या पार लगा पाने में विफल रहे। चिंतपूर्णी में भाजपा नेता बलबीर चौधरी ने कांग्रेस के कुलदीप कुमार को 8579 मतों से हराकर पिछली बार की हार का बदला ले लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App