राहुल की ताजपोशी आज

By: Dec 5th, 2017 12:10 am

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए किसी और ने नहीं भरा नामांकन

नई दिल्ली — कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पार्टी अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। कांग्रेस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए केवल राहुल गांधी का ही नामांकन मिला है। और किसी ने नामांकन नहीं भरा। एक से ज्यादा नामांकन होने पर ही चुनाव होता है। राहुल गांधी के लिए 890 प्रस्तावक मिले हैं। इसी के साथ राहुल गांधी का पार्टी का अध्यक्ष बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है। सोमवार सुबह राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र भर दिया, जिससे देश की इस सबसे पुरानी पार्टी में नई पीढ़ी के सामने आने का मार्ग प्रशस्त हो गया, क्योंकि अभी तक इसकी कमान उनकी मां सोनिया गांधी संभाल रही हैं। राहुल के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, अंबिका सोनी तथा कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह, नारायण सामी तथा कई पूर्व मुख्यमंत्री, कई राज्यों के पीसीसी प्रमुख भी मौजूद थे। राहुल का नाम प्रस्तावित करने वालों में शामिल निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इस अवसर पर उपस्थित नहीं थीं। नामांकन पत्र भरने से पहले राहुल ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन ने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा कि राहुलजी कांग्रेस के पसंदीदा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी आौर कांग्रेस पार्टी के जरिए देश की पिछले 19 साल तक सेवा की है। यह उसी दिशा में एक और कदम है। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की महान संभावनाओं को आगे बढ़ाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन पत्रों की मंगलवार को जांच की जाएगी और संभव है कि इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। उधर, राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष का पर्चा भरने और उनके निश्चित चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशाना साधा है। गुजरात के धर्मपुर में चुनावी रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के एक बयान का हवाला देते हुए पार्टी को औरंगजेब काल का बता दिया। पीएम मोदी ने कहा कि उनके नेता कहते हैं कि जहांगीर की जगह जब शाहजहां आए तब चुनाव हुआ? जब उनकी जगह औरंगजेब आए तब चुनाव हुआ? यह तो पहले ही पता था कि जो बादशाह है, उसकी औलाद को ही सत्ता मिलेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुद मानते हैं कि कांग्रेस पार्टी नहीं, बल्कि कुनबा है। औरंगजेब राज उनको मुबारक। हमारे लिए देश बड़ा है। हमारे लिए 125 करोड़ देशवासी ही भारत के भाग्य विधाता हैं। इसी बीच, कांग्रेस पार्टी ने उसके अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि दूसरों पर अंगुली उठाने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जो भाजपा पूरी तरह से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संचालित होती है, वह कांग्रेस की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए, इससे बड़ा मजाक और कुछ नहीं हो सकता। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का चुनाव कैसे हुआ, यह सब जानते हैं। कांग्रेस   संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि श्री मोदी और उनके पूरे मंत्रिमंडल को राहुल गांधी का ‘फोबिया’ हो गया है। श्री मोदी पिछले 48 घंटों से श्री गांधी के खिलाफ जिस तरह की गिरी हुई और सस्ती भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे उनकी बौखलाहट का पता चलता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी और श्री शाह को कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले यह बताना चाहिए कि वह अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ किस तरह का व्यवहार कर रही है और उनके सवालों का जवाब देना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App