सरकाघाट के बहादुर नायक रहीम सिंह को मिला सेना मेडल

By: Dec 4th, 2017 12:07 am

पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर मार गिराए थे तीन आतंकी

नवाही— सरकाघाट उपमंडल के सपूत रहीम सिंह को भारतीय सेना मेडल (वीरता) से नवाजा गया है। भदरेड़ गद्दीधार निवासी चंद राम के पुत्र नायक रहीम सिंह कोलकाता में हाल ही में आयोजित मेडल सेरेमनी के दौरान उच्चाधिकारियों ने सेना मेडल से अलंकृत किया है। तीन आतंकवादियों को मार गिराने के साहसिक कार्य के लिए उन्हें सेना की तरफ  यह सम्मान दिया गया है। रहीम सिंह  को यह सम्मान मिलने से उनके घर में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार नायक रहीम सिंह वर्तमान में 15 डोगरा में तैनात हैं। तीन दिसंबर, 2015 को पुंछ (जम्मू-कश्मीर) में वह एक एम्बुश पार्टी का हिस्सा थे। इस दौरान नायक रहीम सिंह ने अदम्य साहस व वीरता का परिचय दे कर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम कर तीन आतंकियों को मार गिराया था और अपने साथियों की जान बचाई थी। इस साहसिक कार्य के लिए नायक रहीम सिंह को सेना मेडल से नवाजा गया है। बहरहाल सेना मेडल मिलने से बहादुर सैनिक के गांव में जश्न का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App