साढ़े सोलह हजार पुलिस जवानों को मिलेंगे मेडल

By: Dec 8th, 2017 12:08 am

शिमला— प्रदेश में सभी जवानों को पुलिस स्थापना दिवस के मेडल प्रदान किए जाएंगे। शिमला में आयोजित पुलिस स्थापना दिवस पर पुलिस स्थापना दिवस मेडल का विमोचन राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा किया गया। इन मेडल को राज्य के सभी करीब 16500 पुलिस जवानों को वितरित किया जाएगा। इसका मकसद पुलिस जवानों की हौसला अफजाई करना है। हिमाचल पुलिस स्थापना दिवस समारोह का गुरुवार को शिमला में आगाज हो गया। ऐतिहासिक रिज मैदान में इसका शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। समारोह का मीडिया पार्टनर  हिमाचल के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित अखबार ‘दिव्य हिमाचल’ को बनाया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रदेश पुलिस से मैत्रीपूर्ण व्यवहार और उत्तरदायित्व के भाव के साथ कार्य करने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर जनता का पूर्ण विश्वास बनाए रखने के लिए उन्हें अधिक व्यावहारिक होकर व्यवस्थित समाज की दिशा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है। ऐसे में पुलिस का कार्य और भी महत्त्वपूर्ण हो जाता है। इससे पूर्व राज्यपाल ने पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने कहा कि राज्य की पुलिस प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थापना समारोह पुलिस बल के मनोबल, आत्मविश्वास और आत्म सम्मान में वृद्धि करता है। साथ ही इसके माध्यम से जनता से संवाद स्थापित करने की भी कोशिश की गई है। राज्य में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग के लिए उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया। वहीं इस मौके पर बेहतर कार्य करने के लिए बेस्ट बटालियन और बेस्ट पुलिस थाने का अवार्ड भी दिया। राज्यपाल ने तृतीय बटालियन पंडोह को बेस्ट बटालियन और चंबा सदर पुलिस थाने को बेस्ट पुलिस स्टेशन का सम्मान भी दिया। परेड का नेतृत्व करने वाली आईपीएस अधिकारी डा. मोनिका व पुलिस प्रशिक्षण कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एसआई देवराज को पुरस्कृत किया गया।

‘दिव्य हिमाचल’ को सम्मान

हिमाचल पुलिस स्थापना समारोह का हिमाचल के अग्रणी व प्रतिष्ठित अखबार ‘दिव्य हिमाचल’ को मीडिया पार्टनर बनाया गया है। इस समारोह में मीडिया पार्टनर के तौर पर दिव्य हिमाचल को सम्मानित किया गया। दिव्य हिमाचल के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुनील शर्मा ने राज्यपाल से यह सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग ने इस इवेंट का मीडिया पार्टनर बनने के लिए ‘दिव्य हिमाचल’ का आभार जताया।

बेहतरीन प्रदर्शन पर नवाजे खिलाड़ी

समारोह में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले पुलिस जवानों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने कबड्डी में विश्व स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी डीएसपी प्रोबेशनर अजय ठाकुर, सब- इंस्पेक्टर प्रियंका नेगी को सम्मानित किया। अजय ठाकुर देश की कबड्डी टीम का नेतृत्व कर चुके हैं, जबकि प्रियंका नेगी देश की महिला कबड्डी टीम की सदस्य के तौर पर बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं। प्रियंका नेगी को जल्द ही पदोन्नति भी प्रदान कर इंस्पेक्टर बनाया जाएगा। इनके अलावा पुलिस खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर बाक्सिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एचसी गीतानंद, अतुल ठाकुर, कांस्टेबल अजय सिंह और कुश्ती में बेहतर प्रदर्शन करने वाली कांस्टेबल रानी को भी सम्मानित किया गया।

झमाकड़ा-भांगड़े में धमाल

शिमला में आयोजित पुलिस स्थापना दिवस समारोह का एक आकर्षण पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। महिला पुलिस आईआरबी बस्सी की महिला पुलिस कर्मियों ने झमाकड़ा, तो प्रथम आईआरबी बनगढ़ के जवानों ने भांगड़ा प्रस्तुत कर सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। वहीं पीटी शो कार्यक्रम का भी बड़ा आकर्षण रहा। इस समारोह में नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं हिमाचल के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी शर्मा, मुख्य सचिव वीसी फारका, हिमाचल प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, भारत सरकार व राज्य सरकार के अधिकारीगण, प्रदेश पुलिस के पूर्व अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App