सोलन में दो पर रुका भाजपा का रथ

By: Dec 19th, 2017 12:15 am

तीन सीटों पर कांग्रेस का दबदबा, पहले के मुकाबले बीजेपी पीछे

सोलन – सोलन जिले के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन में कांग्रेस व दो में भाजपा प्रत्याशियों ने परचम लहराया है। जिले में पिछले चुनावों के मुकाबले भाजपा बैकफुट पर है। सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र में निवर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भाजपा के रतन पाल को 6051 मतों से पराजित किया है। छह दशकों से राजनीति के धुरंधर रहे वीरभद्र सिंह के लिए अर्की नया विधानसभा क्षेत्र था तथा वह पहली बार यहां से चुनावी समर में उतरे थे। हालांकि कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी जीत का मार्जिन बहुत अधिक होगा, लेकिन मतदाताओं ने भाजपा के युवा प्रत्याशी को भी 28448 मत देकर उनकी पैठ भी उजागर कर दी। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को 34449 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस की अर्की में इस विजय से भाजपा का विजयी रथ भी रुक गया। कांगे्रस की अर्की में गुटबाजी से दो चुनाव से भाजपा की जीत हो रही थी, लेकिन इस बार स्वयं मुख्यमंत्री के कांगे्रस की टिकट पर चुनाव लड़ने के कारण कांग्रेस की एकजुटता सामने आ गई। सोलन में ससुर व दामाद के बीच हुई रोचक जंग में ससुर विजयी हुए हैं। भाजपा के प्रत्याशी डा. राजेश कश्यप कांग्रेस के प्रत्याशी डा. धनीराम शांडिल के दामाद हैं। कड़े मुकाबले में कांग्रेस के धनीराम शांडिल ने भाजपा के डा. राजेश कश्यप को 671 मतों से पराजित किया। शांडिल को 26200 व राजेश कश्यप को 25529 मत मिले। कसौली में भाजपा के डा. राजीव सहजल ने लगातार तीसरी बार यहां से विजयी होकर हैट्रिक लगाई है।  भाजपा के पक्ष में 23656 व कांग्रेस के पक्ष में 23214 मत पडे़। कांग्रेस प्रत्याशी लखविंदर राणा ने भाजपा के केएल ठाकुर को 1242 मतों से हराया है।

परमजीत पम्मी ने हरा दिए राम कुमार

दून से कांग्रेसी दिग्गज राम कुमार चौधरी से सत्ता छीन गई है। उन्हें भाजपा के नए उम्मीदवार परमजीत पम्मी ने 4319 मतों से शिकस्त दी है। इस तरह सोलन जिले के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में से अर्की, सोलन व नालागढ़ (तीन) में कांग्रेस, कसौली व दून में भाजपा ने जीत अर्जित की है। वर्ष 2012 में भाजपा के पास तीन व कांग्रेस के पास दो विधानसभाओं से निर्वाचित विधायक थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App