स्वंय सहायता समूहों को 29 लाख की सौगात

By: Dec 8th, 2017 12:02 am

रादौर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के दौरान पंजाब नेशनल बैंक ने दिया ऋण

यमुनानगर— पंजाब नेशनल बैंक द्वारा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वंय सहायता समूहों के लिए रादौर की कांबोज धर्मशाला में ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर जिला कार्यात्मक प्रबंधक, नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब नेशनल बैंक चंडीगढ़ के प्रबंधक अशोक दरगन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। गुरुवार को हुए इस कार्यक्रम में जिला यमुनानगर की पंजाब नेशनल बैंक विभिन्न बैंक शाखाओं से महिला स्वंय सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिसमें हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, यमुनानगर के 48 महिला स्वंय सहायता समूहों व नाबार्ड के दस स्वंय सहायता समूहों को 29 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई व ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम में नाबार्ड बैंक के जिला प्रबंधक राजेश सैणी ने महिला स्वंय सहायता समूह के गठन करने बारे, उनकी बचत करने बारे, उनकी लेन-देन करने बारे महिलाओं को जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि  स्वय सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं किस प्रकार अपने सामाजिक व आर्थिक जीवन परिवर्तन ला सकती है। ऋण वितरण समारोह में जिला कार्यक्रम प्रबंधक  देवेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला यमुनानगर में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 52 गांवों में 315 नए स्व्ांय सहायता समूह गठित किए गए व 54 पुराने स्वंय सहायता समूहों को पूर्नगठित किया गया जिसमें से 166 स्वंय सहायता समूहों को 16 लाख 60 हजार रुपए रिवॉलविंग फंड के रूप में सहायतार्थ दिए गए, 168 स्वंय सहायता समूहों को बैंको से जोड़ा गया जिसके तहत एक करोड़ 66 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया गया। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए दस ग्राम पंचायतों ने महिला ग्राम संगठनों का गठन किया गया जिसमें तीन महिला ग्राम संगठनों को 15 लाख रुपए सामुदायिक निवेश निधि व छह महिला ग्राम संगठनों को कार्यालय की स्थापना हेतू एक लाख 45 हजार रुपए दिए गए। इस कार्यक्रम में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के यमुना स्वंय सहायता समूह गांव कुजंल कंबोयान व महालक्ष्मी स्वंय सहायता समूह गांव करेड़ा द्वारा हस्त निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया व सभी उपस्थित गणों ने उत्पादों की प्रशंसा की व इसके बारें में समूह पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मंडल प्रबंधक  एसके चोपड़ा, मंडल कार्यालय कुरुक्षेत्र, उप मंडल प्रमुख अजय परमार, मुख्य प्रबंधक विपिन सरीन, बैंक प्रबंधक यमुनानगर एचएन सिंह, नाबार्ड प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र शर्मा, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, रादौर राजकुमारी व अन्य शामिल थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App