अदाकारी का हिमाचली अजूबा

By: Jan 28th, 2018 12:10 am

प्रीटि जिंटा

लाखों दिलों की धड़कन डिंपल गर्ल यानी प्रीटि जिंटा हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। वह हिंदी फिल्मों के अलावा तेलुगु, तमिल और पंजाबी फिल्मों में भी काम करती हैं। प्रीटि ने अब तक के अपने फिल्मी करियर में कई बेहतरीन फिल्में की हैं। उन्हें उनके बेहतरीन अभिनय के लिए उनकी डेब्यू फिल्म दिल से के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ नई अदाकारा के अवार्ड से नवाजा गया। इसके बाद साल 2003 में उन्हें फिल्म ‘कल हो ना हो’ के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अदाकारा के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

जिस तरह प्रीटि को उनके बॉलीवुड डेब्यू फिल्म के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया, उसी तरह उन्हें उनके पहले अंतरराष्ट्रीय किरदार कनेडियाई फिल्म हेवन ऑन अर्थ के लिए सिल्वर ह्यूगो पुरस्कार से सम्मानित किया गया।  उन्हें यह पुरस्कार शिकागो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में प्रदान किया गया। वह इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टीम किंग्स ग्रुप पंजाब की सहमालिकिन भी हैं।

 हिमाचल प्रदेश के शिमला में जन्मी डिंपल गर्ल प्रीटि का जन्म शिमला में  31 जनवरी, 1975 को हुआ है। उनके पिता दुर्गानंद जिंटा भारतीय थल सेना में अफसर थे। उनकी मां का नाम नीलप्रभा है, जोकि एक गृहिणी हैं। जब वह महज 13 वर्ष की थी, तब उनके पिता की मृत्यु एक कार दुर्घटना में हो गई थी। तो वहीं उनकी मां, नीलप्रभा को गंभीर चोंटें आई जिसके चलते वह दो वर्षों तक बिस्तर पर ही रहीं।  इस हादसे ने प्रीटि  के जीवन को बदलकर रख दिया, क्योंकि अब पूरे घर की जिम्मेदारी उनके के कंधों पर आ गई थी। उनके दो भाई हैं, दीपांकर और मनीष, एक बड़ा और एक छोटा। दीपांकर भारतीय थलसेना में अफसर है व मनीष कैलिफोर्निया में रहते हैं।

प्रीटि जिंटा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई शिमला के कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी बोर्डिंग विद्यालय से की। हालांकि बोर्डिंग विद्यालय में उन्हें अकेलापन महसूस होता था, परंतु उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वहां बेहद बढि़या दोस्त भी मिले। प्रीटि एक बेहद होनहार छात्रा थी, उन्हें साहित्य पढ़ना बेहद पसंद था। अपने खाली समय में वह बास्केटबाल जैसे खेल खेलती थी। स्कूली पढ़ाई खत्म होने के बाद प्रीटि ने सेंट बीड्ज कालेज से अंग्रेजी ऑनर्स में उपाधि ग्रहण की और मनोविज्ञान में परास्नातक की डिग्री हासिल की।

 उसके बाद उन्होंने मॉडलिंग में अपनी किस्मत आजमाई।  उसी दौरान उनकी दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में उनकी मुलाकात एक एड निर्देशक से हुई और उन्होंने उन्हें अपनी एड एजेंसी से एक विज्ञापन करने की सलाह दी। जिसके बाद उन्होंने विज्ञापन की दुनिया में कई विज्ञापन किए जिनमें लिरिल साबुन और परक चॉकलेट प्रमुख हैं।

प्रीटि जिंटा को अपने फिल्मी करियर की शुरुआत शेखर कपूर निर्देशित फिल्म ‘तारारपमपम’ से करनी थी।  इस फिल्म में उनके अपोजिट ऋत्विक रोशन थे, लेकिन यह किसी कारण से बन नहीं सकी, उसके बाद कपूर ने निर्देशक ‘मणि रत्नम’ को उनकी आगामी फिल्म शाहरुख खान और मनीषा कोइराला स्टाटर फिल्म ‘दिल से’ में लेने के लिए आग्रह किया।  फिल्म ‘दिल से’ में प्रीटि सहायक अभिनेत्री के तौर पर नजर आई थीं। इस फिल्म में वह दर्शकों  को 20 मिनट ही नजर आई, लेकिन इन 20 मिनट में उन्होंने अपने संजीदा अभिनय से दर्शकों को अपना कायल बना लिया।

उन्हें इस फिल्म में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ नई अदाकारा के अवार्ड से भी नवाजा गया। उनकी बतौर मुख्य नायिका फिल्म ‘सोल्जर’ थी। इस फिल्म में उनके अपोजिट बॉबी देओल नजर आए थे।  यह फिल्म एक्शन-थ्रिलर फिल्म थी। यह फिल्म उस साल की सुपरहिट फिल्म साबित हुई। इसके बाद प्रीटि ने फिल्म ‘क्या कहना’ में एक  चैलेंजिंग किरदार निभाया। इस फिल्म की कहानी कुंवारी मां व युवा गर्भधारण जैसी समस्याओं पर आधारित थी। उन्होंने इस फिल्म में कुंवारी मां की भूमिका अदा कर दर्शकों, आलोचकों को हतप्रभ कर दिया। उन्हें इस फिल्म के लिए कई अवार्ड्स में नामंकन भी मिला, जिनमें उनका पहला फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार नामांकन शामिल है।

इसके बाद वह फिल्म ‘मिशन कश्मीर’ में ऋत्विक रोशन संग नजर आइर्ं।  इस फिल्म की पृष्ठभूमि कश्मीर में फैले आतंकवाद पर आधरित थी। यह फिल्म एक व्यापारिक सफलता रही व उस वर्ष की भारत की तीसरी सर्वाधिक कमाई वाली फिल्म रही। इसके बाद वह फरहान अख्तर की फिल्म ‘दिल चाहता’ में आमिर खान के अपोजिट नजर आईं।  इस फिल्म ने बॉक्स-आफिस पर काफी अच्छा व्यापार किया था। प्रीटि ने अपने फिल्मी करियर में कई ऐसी भूमिकाएं निभाईं, जिन्हें शायद कोई और अभिनेत्री करने से पहले बीस बार सोचे, लेकिन प्रीटि ने कभी ऐसा नहीं किया और हमेशा लीक से हटकर भूमिकएं बड़े पर्दे पर निभाईं। इसी कारण से वह आज भी हिंदी सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री मानी जाती हैं।

ऐसी एक फिल्म है ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’।  इस फिल्म में प्रीटि के अलावा रानी मुखर्जी और सलमान खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे।  यह हिंदी सिनेमा की पहली फिल्म थी, जो विवादस्पद सेरोगेसी(कराए प्रसव) के मुद्दे पर बनी थी।  इस फिल्म में प्रीटि ने मधुबाला नाम की वैश्या की भूमिका अदा की थी। इस फिल्म में उन्हें उनकी बेहतरीन अदायगी के लिए दूसरी बार फिल्मफेयर सर्वश्रेठ अभिनेत्री का नामंकन मिला था। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में अपनी अदायगी से हैरान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App