…अभी तो सर्दी शुरू हुई है

By: Jan 8th, 2018 12:18 am

और रौद्र रूप दिखाएगी ठंड, सुबह-शाम लोगों का घरों से निकलना दुश्वार

शिमला— हिमाचल प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से प्रदेश भर में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड ने सुबह-शाम के समय लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले हफ्ते भी ठंड रौद्र रूप दिखाएगा। विभाग के अनुसार राज्य में 13 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहेगा, जबकि प्रदेश में 14 जनवरी से मौसम में करवट की उम्मीदें जताई जा रही हैं। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने से ठंड ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। राज्य के कल्पा, सुंदरनगर, भुंतर, केलांग व मनाली का पारा माइनस डिग्री में चल रहा है, जबकि डलहौजी, चंबा और सोलन का पारा लुढ़ककर शून्य डिग्री के पास पहुंच गया है। धर्मशाला व नाहन को छोड़कर शेष हिमाचल में न्यूनतम पारा लुढ़ककर दो डिग्री से नीचे आ गया है, जिसके चलते राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है, मगर रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊपरी इलाकों के साथ मैदानों में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, तो वहीं शीतलहर और सूखी ठंड से लोग बीमार पड़ रहे हैं, सब बारिश के इंतजार में हैं।

कल्पा का पारा नौ डिग्री पहुंचा

शिमला में अधिकतम तापमान 12.5, सुंदरनगर में 19.1, भुंतर में 17.5, कल्पा में नौ, धर्मशाला में 13.4, ऊना में 21.7, नाहन में 15.8, सोलन में 17.4, कांगड़ा में 19.2, डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 13 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी हवाओें के सक्रिय होने से आगामी दिनों में भी ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। 14 जनवरी से मौसम में करवट आने की उम्मीदे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App