अरसे बाद बरसे बादल, शीतलहर ने जकड़ा प्रदेश

By: Jan 24th, 2018 12:09 am

नौ डिग्री तक लुढ़का पारा; बारिश-बर्फबारी से न्यूनतम तापमान में भी आई भारी गिरावट, ऊपरी क्षेत्रों के कई रूट प्रभावित

शिमला — मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। बारिश-बर्फबारी से अधिकतम तापमान में एक से नौ डिग्री तक की भारी गिरावट आई है, वहीं न्यूनतम तापमान भी चार डिग्री तक लुढ़का है। प्रदेश में मंगलवार को सुबह से ही मौसम के तेवर कड़े बने रहे। दोपहर बाद बारिश-बर्फबारी शुरू होने से समूचा प्रदेश शीतलहर की जकड़ में दिखा। राज्य के सुंदरनगर के अधिकतम तापमान में सर्वाधिक 9.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सुंदरनगर का तापमान 20.8 डिग्री से लुढ़कर 11.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा भुंतर, चंबा व डलहौजी में 7.0, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन व शिमला में 6.0, धर्मशाला में 5.0 और कल्पा में 4.0 डिग्री तक तापमान गिरा है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आंकी गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 2.7 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसमें बीते रोज के मुकाबले 4.0 डिग्री की भारी गिरावट आई है। प्रदेश के कल्पा, केलांग, मनाली, कुफरी का पारा फिर से जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।

रोहतांग में हिमपात, घाटी में बढ़ी ठंड

कुल्लू- लंबे समय के बाद प्रदेशभर में हुई बारिश-बर्फबारी से जिलावासियों के चेहरे खिल उठे है। समूची घाटी शीतलहर की चपेट में गई है। मंगलवार देर शाम छह बजे के बाद रोहतांग में हिमपात का क्रम शुरू हो गया। इसी के साथ कोठी, गुलाबा, सोलंगनाला, पलचान व मनाली की पहाडि़यों में भी यह क्रम जारी रहा। बारिश से किसानों-बागबानों के चेहरे खिल उठे हैं। समाचार लिखे जाने तक रोहतांग व आसपास के गांवों में भी बर्फबारी का क्रम जारी था।

सराज के 175 ट्रांसफार्मर बंद

थुनाग— बर्फबारी के बाद सराज के 175 ट्रांसफार्मर को बंद कर दिया गया है, जिससे 200 गांवों में अंधेरा छा गया है। विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि विभाग के जंजैहली व थुनाग दो फीडर बंद हो गए हैं, जिसमें 175 ट्रांसफार्मर को बंद कर दिया गया है। बर्फबारी रुकने के बाद बुधवार से विद्युत आपूर्ति बहाल करने की प्रकिया शुरू कर दी जाएगी।

डमटाल में ठंड से साधु की मौत

डमटाल- तौकी बैरियर के पास ठंड के कारण एक साधु की मौत हो गई। डमटाल पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार शर्मा ने बताया कि यह साधु कई सालों से यहीं रहता था । शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। साधु की उम्र 50 साल के करीब बताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App