इस हफ्ते करवट लेगा मौसम

By: Jan 1st, 2018 12:15 am

प्रदेश के ऊंचे इलाकों में चार को बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला — हिमाचल प्रदेश में जनवरी माह के पहले सप्ताह के दौरान मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने चार जनवरी को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेंत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की उम्मीद जताई है। मैदानी क्षेत्रों में चार जनवरी को  भी मौसम साफ बना रहेगा, जबकि प्रदेश में 5-6 जनवरी को फिर से मौसम साफ बना रहेगा। रविवार को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के मिजाज बदले दिखे। बादलों के घिरने से दिन के समय भी ठंड का एहसास हुआ। मौसम खराब रहने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्रदेश के सुंदरनगर के अधिकतम तापमान में 3.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसके अलावा शिमला, कांगड़ा, चंबा, डलहौजी और बिलासपुर में 2.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भी  गिरावट आई है। प्रदेश के कल्पा व मनाली का पारा फिर से लुढ़ककर माइनस डिग्री तक पहुंच गया है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 6.0 डिग्री से नीचे आ गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 13.0, सुंदरनगर में 19.2, भुंतर में 19.0, कल्पा में 9.1, धर्मशाला में 15.6, ऊना में 22.3, नाहन में 18.5, सोलन में 17.4, कांगड़ा 19.8, चंबा में 17.6, डलहौजी 7.8, बिलासपुर में 16.7, हमीरपुर में 19.3 और मंडी में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में तीन जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। चार जनवरी को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश बर्फबारी होगी जबकि पांच व छह जनवरी को प्रदेश में फिर से मौसम साफ रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App