ऊना में लव जेहाद

By: Jan 9th, 2018 12:15 am

पुलिस कर्मी ने हिंदू युवती से धोखे से शादी कर बनाया मुस्लिम

ऊना – ऊना जिला के तहत लव जेहाद का मामला सामने आया है। पंजाब राज्य के तहत होशियापुर के एक पुलिस जवान पर विधवा महिला ने गुमराह कर उसे झांसा देने का आरोप लगाया है। पंजाब का यह पुलिस जवान मुस्लिम समुदाय से संबंधित है। विधवा महिला हिंदू समुदाय से है। हालांकि महिला ने पंजाब पुलिस में भी शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने के चलते अब ऊना पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने बताया कि होशियापुर का एक मुस्लिम पुलिस जवान शादीशुदा था, लेकिन पत्नी के निधन की बात कहकर उसे गुमराह किया। महिला ने आरोप लगाया कि पहली पत्नी से कोई बेटा पैदा न होने के बाद पुलिस कर्मी ने विधवा से यह कहकर शादी की कि मेरी पत्नी का निधन हो गया और तीन बेटियां हैं, लेकिन बेटा नहीं है। बेटे की चाहत के चलते इस पुलिस जवान ने दोबारा उससे शादी कर ली, लेकिन शादी के बाद बेटा न होने के चलते पुलिस कर्मी ने उसे घर से बेदखल कर दिया और सारी सपंत्ति भी हड़प ली। बताया जा रहा है कि विधवा महिला के नाम से एक टाटा सूमो गाड़ी चल रही है, जिसकी पंजाब में दुर्घटना हुई और गाड़ी को होशियापुर पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान इस महिला की पंजाब पुलिस कर्मी से मुलाकात हुई। सिलसिला आगे बढ़ता गया, जो कि शादी तक पहुंच गया। महिला का कहना है कि उसे पुलिस जवान के धर्म के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। विवाह के समय ही इस बात का पता चल पाया। महिला ने बताया कि बेटे की चाह में उसने मेरा एक बार जबरन गर्भपात भी करवाया। महिला का आरोप यह भी है कि विवाह के बाद ही उसके एक बेटे को पुलिस जवान ने गोद लिया। उसे भी मुस्लिम धर्म में परिवर्तित करवा दिया। शादी के बाद पुलिस जवान ने घर खरीदने के लिए लाखों की राशि भी ली। महिला ने कहा है कि इस पुलिस जवान की पत्नी भी जिंदा है। महिला ने पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि उसे न्याय दिलाया जाए। इस संदर्भ में डीएसपी अंब अजय राणा ने कहा कि अभी तक इस बारे में कोई भी शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आएगी, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App