कोटी में 400 पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

By: Jan 21st, 2018 12:20 am

पुलिस ने अवैध कटान का आरोपी शिकंज में लिया, अधिकारियों से पूछताछ की तैयारी

शिमला  — शिमला के कोटी में हुए अवैध कटान मामले में आरोपी भूपसिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने सरकारी जमीन से 400 पेड़ों का कटान किया था। वहीं पुलिस अब इस मामले में वन अधिकारियों से पूछताछ करने की तैयारी में है। कोटी में हुए अवैध कटान में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आरोपी भूप सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने थाने में पूछताछ के लिए बुलाया था और वहीं उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वन कटान की बात कबूली है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे अब पूछताछ करेगी। पुलिस अब पेड़ कटान में इस्तेमाल औजारों को अब बरामद करेगी। वहीं पुलिस इस मामले में वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि पुलिस रविवार या सोमवार को उन कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है,जिन पर इस क्षेत्र में कटान को रोकने की जिम्मेदारी थी। पुलिस अब यह भी पता लगाएगी कि वास्तव में आरोपी भूप सिंह ने यहां पेड़ कटान कितने समय से कर रहा था। माना जा रहा है कि आरोपी काफी   अरसे से यहां पेड़ कटान कर रहा था। वहीं पुलिस इस मामले में उद्योग विभाग के अधिकारियों से भी पूछताछ कर सकती है क्योंकि आरोपी द्वारा यहां खनन का किया गया था। हालांकि आरोपी की ओर से कहा गया था कि उसको इसके लिए खनन की परमिशन मिली थी और इसके कागजात भी आरोपी ने वन विभाग के समक्ष पेश किए थे। पुलिस अब जांच करेगी कि ये कागजात क्या सही है या इनको फर्जी तरीके से तैयार किया गया था। ऐसे में इस मामले में खनन से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ हो सकती है। उल्लेखनीय है कि कोटी के शलोट गांव में 400 पेड़ों के कटान का मामला सामने आय़ा था। हालांकि यह कटान  अरसे से हो रहा था, लेकिन इसकी  शिकायत 12 जनवरी को पुलिस में दी गई थी। वन विभाग की ओर  से कटान मामले में शलोट गांव के भूप सिंह के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया था, लेकिन जिस जमीन पर यह कटान हुआ था उसकी स्थिति स्पष्ट न होने की वजह से पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। वन विभाग ने इसकी राजस्व विभाग  पैमाइश करवाई थी और यह रिपोर्ट पुलिस को मिली है। इस रिपोर्ट में सामने आया है कि आरोपी ने वन विभाग की 40 बीघा भूमि पर पेड़ कटान किया है। इसके बाद ही आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले  की जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App