चार कांग्रेसियों ने छोड़ा मैदान

By: Jan 17th, 2018 12:05 am

दिग्गज नेता चंद्र कुमार, भज्जी, अजय बहादुर और धर्मवीर धामी अब नहीं लड़ेंगे कोई चुनाव

शिमला— प्रदेश कांग्रेस के चार नेताओं ने चुनावी राजनीति को अलविदा कह दिया है। ये लोग कभी भी कोई चुनाव भविष्य में नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी में इन नेताओं का अपना स्थान रहा है जिन्होंने अब चुनाव नहीं लड़कर केवल संगठन का कामकाज करने का फैसला लिया है। कांग्रेस के दिग्गज रहे चौधरी चंद्र कुमार, हरभजन सिंह भज्जी, अजय बहादुर व धर्मवीर धामी ने चुनावी राजनीति को बाय-बाय कर दी है। अपने इस फैसले से इन नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू को अवगत करा दिया है, जिन्होंने उनके प्रस्ताव को स्वीकार भी कर लिया है। श्री सुक्खू इन चारों नेताओं के प्रस्ताव से पार्टी हाइकमान को अवगत करा देंगे। बताया जाता है कि सोमवार को हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इन नेताओं ने यह प्रस्ताव रखा और चुनावी राजनीति से पूरी तरह से खुद को दूर करने की बात कही। चौधरी चंद्र कुमार पूर्व में सांसद रहे हैं, वहीं प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के साथ पांच बार जवाली से विधायक रह चुके हैं। इस बार भी उनको पार्टी ने टिकट दिया था, लेकिन वह चुनाव हार गए। वर्तमान में चंद्र कुमार प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष के पद पर तैनात हैं। उधर, शिमला से दो बार विधायक रहे और प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरभजन सिंह भज्जी ने भी चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। उनको भी चुनाव में पार्टी ने टिकट दिया था, जिनकी हार हो गई थी। उनके अलावा प्रदेश युकां के पूर्व अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने भी चुनाव न लड़ने की बात कही है। साथ ही धर्मवीर धामी, जिन्हें कुछ समय पूर्व ही पार्टी में वापस लिया गया था, ने भी इस संबंध में अपना प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष को दिया है। इन सभी ने भविष्य में कोई भी लोकसभा, विधानसभा या अन्य चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चंद्र कुमार, हरभजन सिंह भज्जी, अजय बहादुर व धर्मवीर धामी का आग्रह स्वीकार कर लिया है। सुक्खू अब इनके निर्णय से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अवगत कराएंगे।

संगठन में करेंगे काम

चंद्र कुमार को पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का तो भज्जी को सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है। चारों नेताओं ने सुखविंदर सुक्खू को कहा कि वह संगठन में काम करेंगे और संगठन उनको जो जिम्मेदारी सौंपेगा, वह पूरी निष्ठा से उसे निभाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App